September 27, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में कैरियर काउंसलिंग एवं वित्तीय कौशल उन्नयन पर वेबिनार आयोजित

नानकमत्ता, 03 सितम्बर 2026: महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता में कैरियर काउंसलिंग समिति के तत्वावधान में विद्यार्थियों के वित्तीय कौशल उन्नयन, निवेश संबंधी जागरूकता तथा रोजगारोन्मुखी कौशल विकास के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन प्रशिक्षण वेबिनार का सफल आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता चार्टर्ड अकाउंटेंट डॉ. गिरीश गोयल ने विद्यार्थियों को वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में वित्तीय साक्षरता एवं निवेश के महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने कम्पाउंड इंटरेस्ट, शेयर बाजार, विभिन्न निवेश योजनाओं, पैसिव इनकम, आय, बचत एवं निवेश के बीच संतुलन तथा वित्तीय नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं व्यावहारिक ढंग से जानकारी प्रदान की।

उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को वित्तीय समझ, व्यावहारिक कौशल और रोजगारोन्मुखी दक्षताओं से भी समृद्ध होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को कम उम्र से ही बचत की आदत विकसित करने तथा सोच-समझकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ वित्तीय एवं रोजगारपरक कौशल का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को बदलते आर्थिक एवं रोजगार परिवेश को समझने तथा भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करें।

वेबिनार की आयोजक डब्ल्यू एक्स कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की कोऑर्डिनेटर भारती गोखले ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही वित्तीय जागरूकता एवं निवेश संबंधी बुनियादी जानकारी प्रदान करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से जागरूक युवा न केवल अपने भविष्य को बेहतर ढंग से सुरक्षित कर सकते हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ा सकते हैं।

कैरियर काउंसलिंग समिति के संयोजक एवं ऑनलाइन वेबिनार के नोडल अधिकारी प्रो. राघवेन्द्र मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय कौशल, कैरियर विकल्पों एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा उनके कौशल को निखारने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

ऑनलाइन वेबिनार के नोडल अधिकारी डॉ. रवि जोशी ने कहा कि आज के समय में सफलता के लिए विषयगत ज्ञान के साथ-साथ वित्तीय समझ, डिजिटल दक्षता, निर्णय लेने की क्षमता और व्यावहारिक कौशल का होना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध प्रशिक्षण एवं कैरियर संबंधी अवसरों का सक्रिय रूप से लाभ उठाने तथा अपने कौशल को निरंतर उन्नत करने के लिए प्रेरित किया।

वेबिनार के दौरान विद्यार्थियों ने कैरियर निर्माण, निवेश, वित्तीय प्रबंधन एवं रोजगार से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं और चुनौतियां विषय-विशेषज्ञ के समक्ष रखीं। विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान सरल, व्यावहारिक एवं उदाहरणपरक तरीके से किया गया। इससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य की वित्तीय एवं कैरियर संबंधी योजना बनाने के लिए उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक, कौशल-संपन्न एवं रोजगारपरक बनाना तथा उनमें आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था, ताकि वे बदलते प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में उपलब्ध अवसरों का प्रभावी ढंग से लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मृत्युंजय शर्मा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुमन कुमारी, निवेदिता अवस्थी, डॉ. ममता सुयाल, डॉ. उमेश जोशी, डॉ. दर्शन सिंह मेहता, डॉ. गौरवेंद्र आर्या, डॉ. रवि जोशी, महेश कन्याल, विपिन थापा, सुनील कुमार, ओनिक भट्ट, ज्योति कौर, हरजीत कौर, गीता, तनुजा एवं कपिल सिंह राणा सहित महाविद्यालय के अधिकांश छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. राघवेन्द्र मिश्रा, संयोजक, कैरियर काउंसलिंग समिति द्वारा किया गया।

About The Author