July 15, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

रोटरी क्लब हरिद्वार रॉयल्स में नई टीम ने संभाली कमान, 14 नए परिवारों के जुड़ने से संगठन हुआ और मजबूत

  • डीजीई मोहितिंदर पाल गुप्ता ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, सेवा कार्यों को नई गति देने का लिया संकल्प

संजीव शर्मा,हरिद्वार: रोटरी क्लब हरिद्वार रॉयल्स के द्वितीय इंस्टॉलेशन समारोह का आयोजन रविवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया, जबकि 14 नए परिवारों के क्लब से जुड़ने के साथ सदस्य संख्या बढ़कर 42 परिवार हो गई। कार्यक्रम में समाज सेवा, संगठन विस्तार और नए प्रोजेक्ट्स को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।

समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-इलेक्ट (डीजीई) रो. मोहितिंदर पाल गुप्ता ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब हरिद्वार रॉयल्स ने अल्प समय में सेवा कार्यों, अनुशासित कार्यशैली और सदस्य विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसके कारण क्लब जिले के उभरते हुए रोटरी क्लबों में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

समारोह के दौरान रो. दीपक अरोड़ा ने अध्यक्ष तथा रो. अधिवक्ता राघव गुप्ता ने सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, महिला एवं युवा सशक्तिकरण जैसे जनहित के विषयों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। वहीं सचिव राघव गुप्ता ने क्लब की गतिविधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में 14 नए परिवारों का रोटरी परिवार में स्वागत किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उन्हें रोटरी के सेवा मूल्यों से परिचित कराया।

समारोह में वरिष्ठ एवं संस्थापक सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में रोटेरियन्स एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रमुख रूप से रो. प्रेम अरोड़ा, रो. अभिनव आनंद, रो. मन्नू मल्होत्रा, रो. सुमित लूथरा, रो. रिपुल चड्ढा, रो. गौरव गाबा, रो. गुलशन अदलक्खा, रो. वाई.के. मिश्रा, रो. गुरजिंदर ढींगरा और रो. वी.के. अग्रवाल सहित अनेक सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

आकर्षक मंच संचालन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंत में सभी सदस्यों ने रोटरी के आदर्श वाक्य “Service Above Self” को आत्मसात करते हुए समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

About The Author