October 28, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा (धारमण्डल) में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

अगरोड़ा: शहीद श्रीमती हंसा धनाई राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा (धारमण्डल) टिहरी गढ़वाल में कल दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को प्रभारी प्राचार्य डॉo अजय कुमार की अध्यक्षता में छात्र-छात्राओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करने के उद्देश्य से कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के लक्षण, बचाव व समय पर उपचार की महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जंतु विज्ञान, की असिस्टेंट प्रोफेसर, डॉo मीरा रावत ने छात्र-छात्राओं को कैंसर जागरूकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण साझा करते हुए बताया कि आधुनिक जीवनशैली, दूषित खान-पान और जागरूकता की कमी के कारण कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। डॉo मीरा रावत ने कहा, “यदि शुरुआती स्टेज में ही कैंसर के लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो सही उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह मात दी जा सकती है।” उन्होंने युवाओं से अपनी जीवनशैली को स्वस्थ रखने और समाज में इस बीमारी के प्रति अधिक चेतना फैलाने का आह्वान किया।

वहीं, इस अवसर पर वनस्पति विज्ञान, के असिस्टेंट प्रोफेसर, डॉ. योगेन्द्र सिंह गुसाईं ने भी छात्र-छात्राओं को कैंसर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हम तंबाकू, धूम्रपान एवं नशे से दूर रहकर इस भयानक बीमारी के जोखिम को कम कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे कॉलेज से सीखकर न केवल स्वयं जागरूक बनें, बल्कि अपने परिवार और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी कैंसर के खतरों और इसके बचाव के प्रति सचेत करें।

कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉo अजय कुमार ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने एवं समाज में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने की बात कही। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक,कर्मचारी, एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author