October 30, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियां की तेज, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं एसडीएम के साथ की बैठक

हरिद्वार, 29 अक्टूबर 2026:  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्चुअल माध्यम से भी एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी जुड़े रहे।

बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत मतदान केंद्रों एवं बूथों के फाइनलाइजेशन, निर्वाचन संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं, लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों एवं बूथों के निर्धारण से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, जिससे निर्वाचन व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

निर्वाचन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे संदिग्ध एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों, जिनसे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका हो, को चिह्नित करते हुए उनकी सूची तैयार की जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर देते हुए सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है अथवा त्रुटिवश कट गया है, तो ऐसे पात्र मतदाताओं से फॉर्म संख्या-6 भरवाकर जमा कराया जाए, ताकि नियमानुसार उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पहले से दर्ज मतदाताओं के नाम अथवा पति/पिता के नाम में किसी प्रकार की लिपिकीय त्रुटि होने पर उसे ठीक कराने के लिए फॉर्म संख्या-8 भरवाया जाए, जिससे मतदाता सूची में दर्ज विवरणों को सही कराया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके लिए पात्र युवाओं से फॉर्म संख्या-6 भरवाकर नियमानुसार आवेदन जमा कराए जाएं, ताकि कोई भी पात्र युवा अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि आगामी विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसआई ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक,सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी,सीओ एसपी बलूनी ,शिशुपाल सिंह नेगी,संजय चौहान,बिपेंदर सिंह सहित वर्चुअल माध्यम से भी एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी जुड़े रहे।

About The Author