हरिद्वार: जनपद हरिद्वार से संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है।
घटना जनपद हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र के ढिलमजरा गांव की है। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विवाहिता के पति के एक अन्य युवती के साथ भी अवैध संबंध थे। जिसकी भनक दो माह पहले पत्नी को लग गई। इसी के चलते पति-पत्नी में तकरार होने लगी थी।
जानकारी के मुताबिक नरगिस 22 वर्ष पुत्री रियासत निवासी जमालपुर कलां थाना कनखल की शादी 4 साल पूर्व भगवानपुर थाना क्षेत्र के ढिलमजरा गांव निवासी फरमान के साथ हुई थी।
दो माह पूर्व नरगिस ने अपने पति का मोबाइल चेक किया तो उसमें एक युवती के साथ उसकी फोटो देखकर उसको शक हुआ। नरगिस ने जब इसकी जानकारी जुटाई तो मालूम हुआ कि उसके पति के एक युवती के साथ अवैध संबंध हैं। जिस पर दोनों में आए दिन तकरार होने लगी।
बताया जा रहा है कि बीते दिन अचानक नरगिस की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। फरमान के चाचा ने नरगिस के परिजनों को फोन पर इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद नरगिस की उपचार के दौरान मौत हो गई।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा। नरगिस के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसको जहरीला पदार्थ खिलाकर मारा है।
भगवानपुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला की मौत तबीयत खराब होने के कारण हुई है। उधर परिजन ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।



More Stories
लोक मंथन यात्रा कोटा पहुँची: संस्कार भारती ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग, राष्ट्रीय प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान
हरिद्वार : सिडकुल के डेंसो चौक पर ट्रक की चपेट में आने से खाना पहुंचाने जा रहे 23 वर्षीय युवक की मौत
भगत सिंह चौक से शंकराचार्य चौक तक के पोलों पर चला प्रशासन का डंडा; केबल ऑपरेटरों के अवैध तार भी हटाए गए