June 9, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं से छेड़छाड़ और मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के झांसी से आई तीन महिला श्रद्धालुओं ने एक स्थानीय व्यक्ति पर अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झांसी निवासी एक परिवार अधिक मास के पावन अवसर पर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हरिद्वार आया हुआ था। परिवार की महिलाएं पिछले कई दिनों से हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्नान और धार्मिक अनुष्ठान कर रही थीं। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गंगा स्नान के बाद जब वह अपनी बहनों के साथ शिव मंदिर में जलाभिषेक कर रही थी, तभी स्वयं को रवि चौहान बताने वाला एक व्यक्ति उनके पास आया और उनसे अभद्र व्यवहार करने लगा।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने उनसे कहा कि यदि उन्हें यहां स्नान और पूजा करनी है तो तीनों बहनों को उससे मिलना होगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पहले भी मंदिर परिसर में उनके साथ छेड़छाड़ कर चुका था। जब महिलाओं ने उसकी हरकतों का विरोध किया और उसे पुलिस चौकी ले जाने का प्रयास किया, तो उसने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। महिलाओं द्वारा पुलिस चौकी चलने की बात कहने पर आरोपी ने कथित रूप से उन्हें थप्पड़ भी मारे। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला।

मामले में नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि झांसी निवासी महिला की शिकायत के आधार पर जांच की गई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पिछले कई दिनों से महिलाओं को परेशान कर रहा था और अपशब्द कहता था। विरोध करने पर उसने महिलाओं के साथ मारपीट की। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा था।

पुलिस ने महिलाओं से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रवि चौहान के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author