May 2, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन ने,एशियन बीच गेम्स में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का किया स्वागत

हरिद्वार, 2 मई। उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने छठे एशियन बीच गेम्स में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। प्रैस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान महेश जोशी ने बताया कि कबड्डी भारत का परंपरागत खेल है। मिट्टी से जुड़े इस खेल में अनेक प्रतिभाएं उभर रही हैं।

उन्होंने बताया कि चीन के सान्या में आयोजित छठे एशियन बीच गेम में हरिद्वार के यथार्थ देशवाल ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। इसके अलावा बहरीन में आयोजित तीसरे यूथ एशियन गेम्स में भूमिका और राहुल बोरा ने गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने कहा कि तीनों खिलाड़ियों अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।

महेश जोशी ने कहा कि संगठन खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं लागू करने का निरंतर प्रयास कर रहा है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि खिलाड़ियों के लिए कोच की व्यवस्था के साथ उदीयमान खिलाड़ी योजना में कबड्डी को भी शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि गांव की मिट्टी से निकले खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को अपने खेल पर मेहनत करनी चाहिए। कड़े परिश्रम, लगन और एकाग्रता से ही सफलता प्राप्त होती है।

पूर्व अध्यक्ष प्रदीप चौधरी एवं महासचिव चेतन जोशी ने मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने राज्य का नाम रोशन किया है। खेलों के लिए समान अवसर खिलाड़ियों को मिलने चाहिए।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की कि खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण नियमित रूप से कराया जाए। जिससे खिलाड़ी देश दुनिया में भारत का नाम रोशन कर सकें। इस दौरान ओपी चौहान, नरेंद्रसिंह तोमर, ऋषिपाल सिंह, नितिन, विवेक, सुमित, आशीष आदि ने भी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।

About The Author