September 9, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में शुरू की गईं निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधाएं

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी, हरिद्वार द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं एवं महिलाओं के कौशल विकास तथा उन्हें रोजगार एवं प्रतियोगी अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधाओं की शुरुआत की गई है।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. विजय कुमार ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक समय में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता, संचार कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की यह पहल की गई है।

महाविद्यालय की ओर से बताया गया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं क्षेत्र के युवाओं को शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान किए जाएंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स तथा आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण शामिल हैं।

निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन आईटी सेल प्रभारी डॉ. अर्पित सिंह के मार्गदर्शन में किया जाएगा। आईटी सेल के सदस्य डॉ. शौर्यादित्य, डॉ. गौरव, डॉ. निधि एवं डॉ. कुमुद इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग करेंगे। कंप्यूटर प्रशिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को डिजिटल एवं तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कंप्यूटर कौशल प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रुप-सी की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डॉ. अंकुर कुमार द्वारा विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा के साथ-साथ साक्षात्कार की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।

इंग्लिश स्पीकिंग एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों की भाषाई दक्षता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा तथा व्यावहारिक कौशल को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

महाविद्यालय की इस पहल से क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपने कौशल को विकसित करने, आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सीमित सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक प्रतिभागी महाविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण कर इन निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।

About The Author