हरिद्वार: मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत हरिद्वार में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ, एएनटीएफ, ड्रग विभाग और ज्वालापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के फ्लैट और कार से 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद की गई हैं।
एसटीएफ के अनुसार, संयुक्त टीम मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान गोपनीय सूचना मिली कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक आकाश छाबड़ा अपने आर्य नगर स्थित फ्लैट में अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है।
सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी के फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई। जब टीम ने सिरप के खरीद, बिक्री और भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे के आदी लोगों को फुटकर में कोडीन युक्त सिरप बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था। इसके बाद पुलिस ने आकाश छाबड़ा पुत्र सुरेश छाबड़ा निवासी आर्य नगर, ज्वालापुर को गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार भी कब्जे में ले ली।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को नशीले सिरप की आपूर्ति कौन करता था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने आमजन से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तुरंत पुलिस या एसटीएफ को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने किया शिवभक्तों का भव्य अभिनंदन, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
हल्द्वानी: फ्रिज का प्लग निकालते समय करंट लगने से महिला की दर्दनाक मौत
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर दिया जोर