May 1, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: नहर में मिला15 वर्षीय किशोर का शव, इलाके में फैली सनसनी

हरिद्वार:  कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 15 वर्षीय किशोर का शव नहर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहल्ला कोटरवान निवासी फराज (पुत्र फरमान) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 27 अप्रैल की रात किसी बात को लेकर फराज की अपने परिजनों से कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गया था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

जब काफी खोजबीन के बाद भी किशोर का पता नहीं चला, तो परिजनों ने ज्वालापुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान किशोर आखिरी बार बाल्मीकि बस्ती की ओर जाता हुआ दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब पथरी पावर हाउस के पास नहर में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर इसे घर से नाराज होकर निकलने के बाद हुई घटना माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

About The Author