अभिनव कौशिक, एनटीन्यूज़,हरिद्वार: जनपद हरिद्वार के  मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव निवासी एक माँ- बेटे को बाईक सवार 4 युवकों ने घेर कर उनके ऊपर फायरिंग कर दी।

हमले में बेटा तो बच गया लेकिन गोली महिला के पैर में लग गई। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव निवासी 50 वर्षीय मोविना का 22 वर्षीय बेटा रिजवान, जो कई दिनों से बुखार से पीडि़त था कोे बाइक पर सवार होकर दवाई दिलवाने मंगलौर गई थी।

मंगलौर से दवाई लेने के बाद जब महिला अपने गांव की ओर रवाना हुई, तो रास्ते मे बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। बताया गया है कि रिजवान का इन युवकों के साथ पुराना विवाद चल रहा है।

बाइक सवार युवकों ने तमंचा निकालकर रिजवान के ऊपर फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग से बचने के लिए रिजवान भाग खड़ा हुआ। तभी गोली रिजवान की मां मोविना के पैर में जा लगी। गोली लगते ही मोविना जमीन पर गिर गई और युवक फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही घायल महिला के परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। फायरिंग की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से घायल महिला को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला की हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

मंगलौर कोतवाली के इंस्पेक्टर प्रवीन कोश्यारी ने बताया कि महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया है। महिला के बेटे रिजवान ने पुलिस को चारों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द की आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।