हरिद्वार: बीएचईएल नगर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पुलिस की उपस्थिति में भगत सिंह चौक के पास स्थित भभूतावाला बाग क्षेत्र से अवैध कब्जे हटा दिए।
इस दौरान अतिक्रमणकारियों को लिखित चेतावनी जारी की गई, साथ ही भेल की भूमि पर रखा गया एक खोखा जब्त कर रानीपुर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया।
भेल की खाली जमीनों पर कब्जे के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, लेकिन अब प्रबंधन अपनी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर पहले से अधिक सतर्क हो गया है। इसी क्रम में भगत सिंह चौक के समीप स्थित भभूतावाला बाग में वर्षों से खंडहर बने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के आसपास अतिक्रमण और अवैध कब्जों की शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया।
नगर प्रशासक संजय पंवार के निर्देश पर विभागीय टीम ने रानीपुर कोतवाली पुलिस के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, नगर प्रशासक संजय पंवार ने स्पष्ट किया कि भेल की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में स्थापना दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
लक्सर में पनीर निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, करीब 10 कुंतल मिलावटी खाद्य पदार्थ किया नष्ट
हरिद्वार में 12 से 14 अक्टूबर तक जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए फील्ड ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण