हरिद्वार, 29 जुलाई: कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने बुजुर्गों को निशाना बनाकर उनके सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने खुद को मालिश करने वाला बताकर उनके हाथ के दर्द का इलाज करने का झांसा दिया। मालिश के दौरान आरोपी ने उनका सोने का कड़ा उतरवा लिया और बहते पानी से हाथ धोकर आने को कहा। जैसे ही पीड़ित बाहर गया, आरोपी सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की।
पुलिस ने उल्हेड़ा गांव जाने वाले रास्ते से आरोपी हंश कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी ग्राम उल्हेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश क्षेत्र में इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। वह विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला-पुरुषों को निशाना बनाता था और पहले भी सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी और चेन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल उमेद सिंह और कांस्टेबल सतेन्द्र रावत शामिल रहे।


More Stories
महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में विशेषज्ञ व्याख्यान एवं अभिभावक उन्मुखीकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
शिक्षक निलंबन के विरोध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कोटा ने प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में “आध्यात्मिक जागरूकता के माध्यम से नशा मुक्ति” विषय पर व्याख्यान का आयोजन