धनौरी, हरिद्वार :धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी, हरिद्वार (उत्तराखंड) के आउटरीच प्रोग्राम (Outreach Program) के अंतर्गत तथा IAPT–APhO के सहयोग से सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, भगवानपुर, हरिद्वार में दिनांक 9 फरवरी 2026 को एक दिवसीय भौतिकी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालयी विद्यार्थियों को भौतिकी के मूलभूत सिद्धांतों को प्रयोगों के माध्यम से सरल, रोचक एवं व्यावहारिक रूप में समझाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री सुरेन्द्र कुमार जी ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रयोग आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता एवं जिज्ञासा का विकास होता है, जो वर्तमान समय की एक महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है।
कार्यशाला में धनौरी पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर विजय कुमार ने भौतिकी के विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से विषय की आधारभूत अवधारणाओं को स्पष्ट किया। वहीं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार ने विद्यार्थियों को भौतिकी के बेसिक कॉन्सेप्ट्स की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रयोगों के पीछे निहित सिद्धांतों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अविजीत चमोली ने विभिन्न देशों से प्राप्त भौतिकी प्रयोगों के माध्यम से विषय के सिद्धांतों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया, जिससे छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह एवं रुचि देखने को मिली।
कार्यशाला में लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा प्रयोग आधारित शिक्षण से लाभ प्राप्त किया। यह कार्यशाला धनौरी पी.जी. कॉलेज द्वारा विद्यालय स्तर पर विज्ञान शिक्षा को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे निरंतर आउटरीच प्रयासों की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोहित कुमार (सहायक कनिष्ठ), दिव्यांशु सैनी एवं विष्णु का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


More Stories
शिवालिक नगर में 22 फरवरी को होगा कुमाऊनी एकता समिति का वार्षिकोत्सव एवं होली मिलन समारोह
महाविद्यालय, कोटा के एनसीसी आर्मी विंग द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता एवं कैडेट्स सम्मान शिविर का आयोजन
गजा: सडक दुर्घटना व साइबर क्राइम के लिए जन जागरुकता गोष्ठी का आयोजन