- पुनर्वास, रोजगार और जमीन के बदले जमीन की मांग; सौदना और हिलासवाली में जुटे सैकड़ों ग्रामीण
संजीव शर्मा, सौंग घाटी (देहरादून/टिहरी गढ़वाल)। सौंग बांध परियोजना से प्रभावित और विस्थापित परिवारों ने अपनी 15 सूत्रीय लंबित मांगों के समाधान को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
मांगों पर ठोस कार्रवाई न होने के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन बांध कार्य बहिष्कार और जनआंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन का आगाज विधानसभा धनोल्टी की ग्राम पंचायत तौलियाकाटल के सौदना गांव और विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के गांव हिलासवाली के समीप हुआ।
‘सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास कार्य समिति’ के अध्यक्ष रविंद्र सिंह पंवार की अध्यक्षता में आयोजित इस आंदोलन में क्षेत्र की महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर एकजुटता दिखाई।
ग्रामीणों ने कहा कि वे लंबे समय से शासन-प्रशासन से अपनी समस्याओं के निस्तारण की गुहार लगा रहे थे। सुनवाई न होने पर उन्हें कार्य बहिष्कार जैसा कड़ा कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी 15 सूत्रीय मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
प्रमुख 15 सूत्रीय मांगें:
• पुनर्वास व भूमि: भूमि के बदले भूमि दी जाए और आंशिक विस्थापित परिवारों को 200 वर्ग मीटर आवासीय भूखंड मिले।
• आर्थिक पैकेज: सर्किल रेट में बढ़ोतरी हो, आंशिक विस्थापितों को पैकेज मिले और एकमुश्त सहायता राशि 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये की जाए।
• रोजगार व अधिकार: प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को सरकारी या गैर-सरकारी नौकरी दी जाए और बांध/झील के आसपास स्वरोजगार हेतु पट्टे दिए जाएं।
• पारिवारिक इकाई: 18 वर्ष से ऊपर के सदस्यों को अलग इकाई मानकर तीसरी पीढ़ी को मुआवजा दिया जाए। वर्ष 2021 से पूर्व विवाहित महिलाओं को भी मुआवजे में शामिल किया जाए।
• छूटे परिवार: पीएमजीएसवाई से प्रभावित 4 परिवारों को पूर्ण प्रभावितों की सूची में शामिल किया जाए और दाननामे में छूटे 4 परिवारों को अलग इकाई माना जाए।
• सड़क व पुल निर्माण: बांध के दोनों ओर रिंग रोड बने, संपर्क मार्गों का निर्माण पूरा हो और क्षेत्र में 3 नए पुल (रगड़-घड़साल, गंधक पानी-सेरा, पसनी-कुंड) बनाए जाएं।
• अन्य सुविधाएं: जीआईसी रगड़ गांव व बाजार का समुचित विस्थापन, खेतों के लिए वाटर पंपिंग योजना और मानव व पशु स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ की जाएं।
आंदोलन में ये रहे मौजूद:
प्रदर्शन के दौरान समिति सचिव बलवीर सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंडारी, संगठन मंत्री आनंद सिंह नेगी, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पंवार, मीडिया प्रभारी रविराज पंवार, सुमित कंडारी, दीपेंद्र कोठारी, हरेंद्र पवार, प्रधान कुलदीप सिंह, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, दिनेश सिंह पंवार, विजेंद्र सिंह सौंद, खेमराज कंडारी, दिनेश रैठवान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल, ज्येष्ठ प्रमुख जय कृष्ण उनियाल, रघुवीर सिंह नेगी और संदीप पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में नशा मुक्ति की शपथ का आयोजन
वरिष्ठ भाजपा नेता व समाज सेवी डा.विशाल गर्ग बने एचआरडीए के नामित सदस्य
कुंभ कार्यों की गुणवत्ता और थर्ड पार्टी ऑडिट पर कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने उठाए सवाल