देवेंद्र सक्सेना,नवल टाइम्स न्यूज़, तालेड़ा : राजकीय महाविद्यालय तालेड़ा में भारतीय वीरांगना अहिल्या बाई होल्कर :व्यक्तित्व एवं कृतित्व विषय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय में इस विषय पर निबंध और व्यक्ति चित्र प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।

देश की विस्मृत वीरांगना अहिल्या बाई की स्मृति को पुनः स्मरण करने के लिए महाविद्यालय में व्यक्तित्व और कृतित्व कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इतिहासविद् श्री एस.एल. नागौरी ने अहिल्या बाई के जीवन के विविध पक्षों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया तथा उनके प्रजा के लिए किए कार्यों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने ऐसे गुमनाम देशभक्तों का स्मृति दिवस मनाए जाने पर महाविद्यालय के प्राचार्य को साधुवाद दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अरविन्द कुमार सक्सेना ने अहिल्या बाई होल्कर और बूंदी राज्य से उनके संबंध की विस्तृत चर्चा की और उनके जीवन के अनछुए पहलुओं को बतलाया।

विशिष्ट अतिथि मन की बात के जिला संयोजक श्री भरत शर्मा ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अहिल्या बाई होल्कर की नारी सेना का उल्लेख करते हुए सभी छात्रों को स्त्रियों को सम्मान करने की शपथ दिलवाई। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान का उल्लेख करते हुए वर्तमान परिस्थिति की विवेचना की।

निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कोमल मेघवाल, द्वितीय मुस्कान जंगम, तृतीय कुलदीप मेघवाल तथा व्यक्ति चित्र प्रतियोगिता में त्रिशा मीणा प्रथम, द्वितीय मधु कुमारी, हर्षिता जांगिड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री ब्रजकिशोर शर्मा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर धन्यवाद ज्ञापन किया।

व्यक्ति चित्र प्रतियोगिता का संचालन श्री विशाल जांगिड़ सहायक आचार्य चित्रकला ने किया। मंच संचालन इतिहास की सहायक आचार्य डॉ. नेहा प्रधान द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के संचालन समिति में डॉ.सुलक्षणा शर्मा, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, डॉ. अंजना जाटव, डॉ. कविता गजराना, भवानी शंकर मीणा, अमन सेन तथा विशाल वर्मा ने अपना सक्रिय सहयोग दिया।