हल्द्वानी की प्रतिभाशाली पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी शिवांगी पाण्डेय ने एक बार फिर उत्तराखण्ड का नाम रोशन करते हुए 7वीं राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025–26 में महिला एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 06 से 10 मार्च 2026 तक हार्टफुलनेस गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी, हैदराबाद में आयोजित की गई।
09 मार्च 2026 को खेले गए फाइनल मुकाबले में शिवांगी पाण्डेय ने अपने प्रतिद्वंद्वी को लगातार दो सीधे सेटों में पराजित कर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। पुरस्कार वितरण समारोह में पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित श्री पुलेला गोपीचंद, पूर्व ऑल इंग्लैंड चैम्पियन एवं भारतीय बैडमिंटन टीम के मुख्य राष्ट्रीय कोच, द्वारा शिवांगी पाण्डेय को स्वर्ण पदक एवं मेरिट प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया, जिससे यह उपलब्धि और भी गौरवपूर्ण बन गई।
शिवांगी की इस शानदार जीत से उनके गृह नगर हल्द्वानी सहित पूरे उत्तराखण्ड में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
शिवांगी पाण्डेय इससे पूर्व भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने युगांडा इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 में स्वर्ण पदक, एशियन यूथ पैरा गेम्स दुबई 2025 में कांस्य पदक, तथा युवा राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीता। इसके अतिरिक्त उन्होंने खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में कांस्य पदक भी प्राप्त किया है।
शिवांगी ने खेल महाकुंभ 2022, 2023 और 2024 में भी लगातार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसके साथ ही उन्होंने हाल के वर्षों में महिला युगल और मिश्रित युगल स्पर्धाओं में भी कई पदक अर्जित किए हैं।
शिवांगी पाण्डेय वर्तमान में इंस्पिरेशन स्कूल, काठगोदाम (हल्द्वानी) की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अनुराग माथुर, चेयरपर्सन श्रीमती गीतिका बलूटिया, तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड पैरा गेम्स के सचिव श्री प्रेम कुमार, बैडमिंटन एसोसिएशन उत्तराखण्ड के सचिव श्री बी.एस. मनकोटी, सहित अनेक खेल अधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भी शिवांगी को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
शिवांगी पाण्डेय की यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उत्तराखण्ड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, बल्कि प्रदेश में पैरा खेलों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2026-27 के लिए 1.12 लाख करोड़ रुपये का बजट किया प्रस्तुत
कोटा: 7 राज गर्ल्स बटालियन की एनसीसी कैडेट्स के लिए शुरू हुआ तीन दिवसीय फर्स्ट ऐड प्रशिक्षण
हरिद्वार: जिला मुक्केबाजी संघ ने किया प्रशिक्षकों को सम्मानित