March 18, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में हुआ रजत जयंती वार्षिकोत्सव का आयोजन

राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में आज दिनांक 17 मार्च 2026 मंगलवार को महाविद्यालय के रजत जयंती वार्षिकोत्सव तथा मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षा जगत एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम के सामूहिक गान के साथ हुआ। महाविद्यालय की छात्राओं ने नृत्य स्तुति के माध्यम से सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रभात द्विवेदी जी ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय की रजत जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों की सफलता और शिक्षकों के समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।

आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा योजना के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना रहा, जिसमें टॉपर्स विद्यार्थियों में गुंजन (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर), स्मृति (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर), साक्षी राणा (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), रूपा (बी.ए. षष्टम सेमेस्टर उत्तीर्ण), सौम्यजीत (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर), स्वाति (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर), ज्योति (बी.एससी. पंचम सेमेस्टर), आसमा (बी.एससी.षष्टम सेमेस्टर उत्तीर्ण), शिवानी भट्ट (बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर) सहित कुल 25 मेधावी विद्यार्थी सम्मिलित रहे।

अतिथियों के द्वारा सभी मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समस्त अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अति-विशिष्ट अतिथि देहरादून छावनी क्षेत्र की विधायक सविता कपूर जी रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धि का उत्सव नहीं है, बल्कि यह अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रोफेसर जी0 एस0 रजवार, कुलपति, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय देहरादून ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज का युग ज्ञान, कौशल और नवाचार का युग है।

विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर शोध, तकनीक और सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर आर0 एस0 असवाल, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय ब्रह्मखाल ने कहा कि रजत जयंती जैसे अवसर किसी भी संस्थान की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को स्मरण करने का महत्वपूर्ण पड़ाव होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी एवं महाविद्यालय के संस्थापक सदस्य श्री उम्मेद सिंह बिष्ट जी ने भी महाविद्यालय के 25 वर्षों की यात्रा के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे महाविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक महत्त्वपूर्ण पड़ाव उन्होंने देखे।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। इन प्रस्तुतियों में नृत्य, गीत तथा कविता पाठ सम्मिलित रहे, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने अत्यंत सराहा। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ किशोर सिंह चौहान ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम की सफलता में सभी के सहयोग की सराहना की।

कार्यक्रम का सफल समन्वयन एवं मंच संचालन वाणिज्य विभाग की प्राध्यापिका डॉ0 सुगंधा वर्मा द्वारा किया गया। साथ ही उन्होंने समस्त महाविद्यालय परिवार के प्रति सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर अभिभावक गण, महाविद्यालय के पूर्व छात्र, छात्रसंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, मीडिया कर्मी एवं महाविद्यालय परिवार से डॉ रजनी चमोली, डॉ बृजेश चौहान, डॉ विनीत कुमार, डॉ खुशपाल, डॉ यशवंत सिंह, डॉ भूपेश चंद्र पंत, डॉ निशि दुबे, डॉ प्रभात कुमार सिंह, डॉ आराधना राठौर, डॉ नेहा बिष्ट, डॉ मंजू पांडे, डॉ अशोक कुमार अग्रवाल, डॉ आलोक बिजल्वाण, डॉ प्रभदीप सिंह, डॉ कुलवीर सिंह राणा, श्री राजेश राणा, श्री स्वर्ण सिंह, श्री मदन सिंह, श्री रोशन लाल, श्री होशियार सिंह, श्री जय प्रकाश भट्ट, श्री सुनील गैरोला, श्री अमीर सिंह चौहान, श्री सुनील रमोला, श्री नरेश रमोला, श्री कौशल सिंह बिष्ट, श्री धनराज सिंह बिष्ट, श्रीमती हिमानी रमोला, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्री संजय कुमार, श्री रमेश चंद्र एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author