April 22, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में ‘पृथ्वी दिवस’ पर पर्यावरण संरक्षण एवं सघन स्वच्छता अभियान का आयोजन

हरिद्वार, 22 अप्रैल, 2026 : धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी की पर्यावरण समिति द्वारा आज “पृथ्वी दिवस” के सुअवसर पर “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता एवं संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार के कुशल मार्गदर्शन में हुआ।

समिति द्वारा नवीन पौधरोपण के स्थान पर पूर्व में रोपित पौधों के ‘संरक्षण एवं समग्र रखरखाव’ पर विशेष बल दिया गया। अभियान के दौरान छात्रों और प्राध्यापकों ने मिलकर परिसर में लगे वृक्षों की सफाई की, उन्हें पानी दिया और उनके सुरक्षित रख-रखाव हेतु उचित व्यवस्थाएं कीं। साथ ही, कॉलेज परिसर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए एक सघन स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती गर्मी और ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में हमें न केवल नए पेड़ लगाने की जरूरत है, बल्कि जो पेड़ हमारे पास हैं, उन्हें जीवित रखना और उनकी देखभाल करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस अभियान का सफल संचालन पर्यावरण समिति की प्रभारी डॉ. राखी बालियान के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में डॉ. आकाश, डॉ. रवि शेखर, डॉ. मोनिका मित्तल, डॉ. मीनाक्षी सैनी, डॉ. रीना मिश्रा, डॉ. कुमुद चौधरी और श्री अंकित कोहली ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर श्रमदान किया और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की शपथ ली।

इस अवसर पर पर्यावरण समिति की प्रभारी डॉ. राखी बालियान द्वारा “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” विषय पर एक व्याख्यान भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारे जीवन का आधार है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति की है।

उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षों की देखभाल, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा स्वच्छता को अपनाने पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने छात्रों को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे पर्यावरणीय प्रयासों के माध्यम से बड़े बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक आचार्यों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यावरण समिति ने यह संकल्प लिया कि ग्रीष्म काल के दौरान परिसर के पौधों की विशेष देखभाल जारी रखी जाएगी।

About The Author