May 12, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

उच्च शिक्षा मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय पैठाणी के प्रथम वार्षिकोत्सव का किया शुभारंभ

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल, 11 मई 2026 : आज राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के प्रथम वार्षिकोत्सव का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का सफल संचालन किया। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी ने एवं मंचासीन सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत एवं सफलता के लिए मां शारदे को नमन करते हुए दीप प्रज्वलित किया ।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल एवं प्राध्यापकों ने सभी अतिथियों के सम्मान में अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। तत्पश्चात मा. मंत्री जी द्वारा महाविद्यालय की प्रकाशित प्रथम वार्षिक पत्रिका बनास, मुख्य संपादक डॉ. प्रकाश फोंदणी एवं डॉ. कुमार गौरव जैन द्वारा लिखित रसायन विज्ञान की पुस्तक का विमोचन, शौर्य दीवार का अनावरण, पेयजल टैंक का लोकार्पण एवं मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति से लाभान्वित मेधावी छात्र- छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र वितरण, मनोनित छात्र परिषद के सभी सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरण एवं वार्षिक पत्रिका में विज्ञापन सहयोग करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कृत कर प्रशंसनीय कार्य किया गया।

इस दौरान अपने संबोधन में मा. मंत्री जी ने महाविद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय प्रदेश का प्रथम व्यावसायिक महाविद्यालय है जिसे हम भविष्य में न्यूक्लियस सेंटर के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सभी महाविद्यालयों में पूर्ण शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, स्मार्ट क्लासरूम की सुविधा, मॉड्यूलर लैब एवं समुचित फर्नीचर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर मा. मंत्री जी ने स्नातकोत्तर कक्षाओं में एम एस सी, एमबीए, एमसीए, बीटेक, चार साल का इंटीग्रेटेड बीएड, स्पोर्ट्स का सामान, जिम, संगीत के यंत्र, मुख्य गेट महाविद्यालय पर प्रतीक्षालय, छात्रावास का सामान, प्राचार्य आवास, गेस्ट हाउस, बहुउद्देशीय हॉल, 100 कुर्सियां, पुस्तकालय की किताबें आदि की घोषणाए भी की।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक प्रो. ए. एस. उनियाल ने प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे मे सभी प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी।

प्रो. उनियाल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उन्हें अपने महाविद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थित रहने एवं परीक्षा परिणामों में सुधार लाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के मेंटरिंग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जिससे छात्रों के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सके।

ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण श्रीमती सुनीता रावत ने कहा कि महाविद्यालय के विकास में सहयोग हेतु हम हर संभव प्रयास करेंगे जिसका छात्र-छात्राओं को भरपूर लाभ मिल सके। जिला पंचायत सदस्य टीला डॉ. शिव चरण नौडियाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने माननीय शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी सहित सभी गणमान्य अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण स्टाफ के योगदान की भी सराहना की।

महाविद्यालय की समारोहक डॉ. कल्पना रावत एवं डॉ. उर्वशी के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा महाविद्यालय के नवरचित कुलगीत के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती बंदना, स्वागत गीत, गणेश बंदना, गढ़वाली गीत एवं स्थानीय रीति रिवाज तथा वाद्य यंत्रों पर आधारित कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष श्री अमर सिंह नेगी, डॉ. शिवचरण नौडियाल, पूर्व दर्जधारी राज्यमंत्री श्री राजेंद्र सिंह रौथान, मंडल अध्यक्ष श्री विजय रौथान, श्री मातवर सिंह रावत, डॉ. मनवर सिंह रावत, नरेंद्र नेगी, सतेंद्र रावत, बीरेंद्र सिंह रावत, आनंद नेगी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सुनील रावत सहित महाविद्यालय के सम्मानित प्राध्यापको में डॉ. कुमार गौरव जैन, डॉ. दिनेश रावत, डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा, डॉ. खिलाप सिंह, डॉ. सतवीर, डॉ. आलोक कंडारी एवं सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने कार्यक्रम को संपन्न करने में विशेष सहयोग दिया।

इस प्रथम वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में लग-भग 340 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया जिसमे पैठाणी, थलीसैंण, पाबो, खीरसू, पौड़ी, श्रीनगर से आए हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियो, विभिन्न विभागों के कर्मचारीगण, विभिन्न विद्यालयों के अध्यापकगण, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापार संघ के सदस्यों, छात्र संघ तथा छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुये।

About The Author