May 12, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

ऋषिकेश: “समावेशी विकास के लिए जिम्मेदार नवाचार” विषय पर तकनीकी दिवस का आयोजन

ऋषिकेश, 11 मई 2026: पंडित ललित मोहन शर्मा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर, ऋषिकेश के मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा राष्ट्रीय तकनीकी दिवस उत्साह के साथ मनाया गया।

इस वर्ष तकनीकी दिवस की थीम “समावेशी विकास के लिए जिम्मेदार नवाचार” रही, जो समान विकास हेतु स्वदेशी प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की प्रगति को समर्पित है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय भूमिजल बोर्ड, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक उत्तराखंड श्री प्रशांत राय उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता समाज के हर क्षेत्र में परिवर्तन का माध्यम बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नवाचार के माध्यम से ही तकनीकी प्रगति का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को स्वदेशी तकनीकों के विकास एवं उनके सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो. एम. एस. रावत ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय तकनीकी दिवस केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक को मानव कल्याण एवं समावेशी विकास के लिए उपयोग करने का आह्वान किया।

मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी विभाग के समन्वयक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में नई तकनीकों और एआई का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों को नवीन तकनीकी ज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति जागरूक होना चाहिए ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के मध्य वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय था — “समावेशी विकास के लिए जिम्मेदार नवाचार”। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने स्वदेशी तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल नवाचार एवं सामाजिक समानता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने तकनीक के सकारात्मक उपयोग, नैतिक जिम्मेदारियों तथा समाज पर उसके प्रभाव को लेकर सारगर्भित चर्चा की।

कार्यक्रम में CGWB के वैज्ञानिक श्री अहमद परवेज व MLT विभाग के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

About The Author