हरिद्वार: सीनियर सिटीजन फोरम हरिद्वार द्वारा सिडकुल स्थित एक होटल में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 75 वर्ष तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि सीनियर सिटीजन फोरम बुजुर्गों को एक मंच पर संगठित कर उनके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है तथा उनका आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
फोरम के अध्यक्ष अजीत कुमार जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था का गठन बुजुर्गों को सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखने तथा उनके अनुभवों का उपयोग समाज हित में करने के उद्देश्य से किया गया था।
संस्था के सचिव एस.के. अग्रवाल ने बताया कि फोरम की स्थापना 2 अगस्त 2010 को हुई थी और वर्तमान में इससे 600 से अधिक वरिष्ठ नागरिक जुड़े हुए हैं। उन्होंने वर्ष भर आयोजित गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी। सह कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
समारोह में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के प्रतिभागी अजीत टंडन, नरेश मनमानी और रमेश चंद्र वाजपेयी को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सुभाष मित्रा को उत्कृष्ट कमेंट्री के लिए सम्मान पत्र प्रदान किया गया। मंच संचालन एस.के. अग्रवाल, सरोज जैन एवं संगीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में 85 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के 16 तथा 75 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के 12 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में 96 वर्षीय ललित मदान और 93 वर्षीय शिव नारायण विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के दौरान 96 वर्षीय ललित मदान ने दौड़ लगाकर और दंड बैठक लगाकर उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने अपनी दीर्घायु और स्वास्थ्य का श्रेय सादा जीवन, जैविक भोजन, नियमित योग तथा आंवले के सेवन को दिया।
उन्होंने योग गुरु रामदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनका एक भजन भी सुनाया। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


More Stories
गजा: सड़क सुविधा से वंचित हैं तोली डांडा सौड़ के ग्रामीण, दो विभागों की ढिलाई से स्वीकृति अधर में
पत्रकार हरि गौतम ने हर की पौड़ी पर गंगा में डूब रहे युवक की बचाई जान
लखनऊ: श्री हनुमंत धाम में हुआ भव्य ‘श्री राम नाम लेखन’ अनुष्ठान, 101 से अधिक श्रद्धालुओं हुए सम्मिलित