कमांद, टिहरी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से पूर्व भव्य तिरंगा रैली से हुआ। महाविद्यालय की रोवर-रेंजर इकाई के विद्यार्थियों तथा अन्य छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत महाविद्यालय के समस्त शिक्षण एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का गायन किया गया। तत्पश्चात रोवर-रेंजर इकाई की प्रभारी डॉ. प्रवीन के नेतृत्व में रोवर-रेंजर इकाई के विद्यार्थियों एवं अन्य छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च-पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी पूंजी है और युवाओं की प्रतिभा, अनुशासन, ज्ञान एवं सकारात्मक सोच से ही विकसित और सशक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कार्यों में ईमानदारी, संवेदनशीलता, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इसके पश्चात महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर एवं हर घर तिरंगा अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. शेफाली शुक्ला द्वारा माननीय निदेशक महोदय द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रेषित संदेश का वाचन किया गया। निदेशक द्वारा प्रेषित संदेश में युवाओं एवं प्राध्यापकों को राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी गई थी। डॉ. शेफाली शुक्ला ने विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों से संदेश में निहित इन मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करते हुए राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवीन ने देशभक्ति पर आधारित अपनी स्वरचित कविता का भावपूर्ण पाठ किया, जिसने समारोह के वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। अपनी कविता के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए भावी भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति विषयक भाषण, वक्तव्य एवं स्वरचित कविताओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक द्वारा छात्र-छात्राओं को मिष्ठान्न वितरित किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षणेतर कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


More Stories
महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
गजा व निकटवर्ती क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, छात्र छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी
स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का सम्मान, डीएम मयूर दीक्षित ने कहा—इनके वंशजों की सेवा करना गौरव की बात