- ‘स्वस्थ उत्तराखंड की ओर एक शसक्त कदम’ की थीम पर स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य परंपराओं को बढ़ावा देने का संदेश
कोटाबाग (नैनीताल), 07 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुपालन में आज राज्य के समस्त राजकीय महाविद्यालयों में गढ़ भोज कार्यक्रम का वृहद स्तर पर आयोजन किया गया। इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में भी गढ़ भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी थीम ‘स्वस्थ उत्तराखंड’ रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. जी.एस. बिष्ट, निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), लोहाघाट ने अपने व्याख्यान में उत्तराखंड के पारंपरिक अनाजों, स्थानीय कृषि उत्पादों एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके अधिकाधिक उपयोग एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. सुनीता बिष्ट ने अपने व्याख्यान में पारंपरिक पहाड़ी खान-पान की पौष्टिकता, स्वास्थ्यवर्धक गुणों एवं बदलती जीवनशैली में स्थानीय खाद्य पदार्थों की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मंच संचालक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने भी अपने संबोधन में गढ़ भोज की उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपरा में भूमिका तथा स्थानीय खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा उत्तराखंड के पारंपरिक, पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में कला एवं विज्ञान संकाय के समस्त प्राध्यापकों तथा कृषि विषय के प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय अनाजों एवं पारंपरिक व्यंजनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ खान-पान को प्रोत्साहित करने तथा उत्तराखंड की समृद्ध खाद्य एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कमरुद्दीन ने कहा कि गढ़ भोज जैसे कार्यक्रम स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



More Stories
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी: फुटबॉल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में अण्डर-14 में नैनीताल, अण्डर-19 में देहरादून तथा अण्डर-25 में पौड़ी ने जीत दर्ज कर फाइनल में बनाई जगह
महाविद्यालय चिन्यालीसौड़: “गढ़भोज- स्वस्थ उत्तराखंड की ओर एक सशक्त कदम” के संदेश के साथ मनाया, गढ़भोज उत्सव
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित