October 11, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में विकसित भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित

पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में विकसित भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. कुमार गौरव जैन ने अपने संदेश में कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक हैं तथा महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्य अतिथि डॉ. मनवर सिंह रावत जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

सम्मानित अतिथि श्री सुनील रावत, थाना प्रभारी पैठाणी ने कहा कि विकसित भारत के लिए सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज का निर्माण आवश्यक है। विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहकर सामाजिक शांति, सुरक्षा एवं नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन में सहयोग करना चाहिए।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ श्री आनंद खैरोला ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण, निबंध, पोस्टर एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मक सोच विकसित करने तथा विकसित भारत के संकल्प को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के आयोजन में महाविद्यालय की विभिन्न समितियों ने सक्रिय सहभागिता की जिसमें ईक्यूएसी, विकसित भारत अभियान समिति, क्रीड़ा समिति, मतदाता जागरूकता समिति, साइबर सिक्योरिटी में महिला उत्पीड़न निवारण समिति, करियर काउंसलिंग समिति, देवभूमि उद्यमिता समिति, एंटी ड्रग समिति एवं आपदा प्रबंधन समिति शामिल रहीं। इन समितियों के समन्वित प्रयासों से विद्यार्थियों में जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. कल्पना रावत एवं डॉ. प्रकाश फोंदणी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया जबकि क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का दायित्व क्रीड़ा प्रभारी डॉ. सतवीर के साथ-साथ अनूप सिंह, पल्लव नैथानी, नीरज, भूपेंद्र एवं प्रवीन ने निभाया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. कामिका चौधरी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के वार्षिक दिवस समारोह में प्राचार्य महोदय द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी सम्मानित प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण की भावना, सामाजिक जागरूकता, डिजिटल साक्षरता, रचनात्मकता एवं जिम्मेदार नागरिकता को प्रोत्साहित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

About The Author