पैठाणी: उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है।
इस अध्ययन केंद्र खुलने से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो आर्थिक, पारिवारिक, रोजगार संबंधी अथवा भौगोलिक परिस्थितियों के कारण नियमित रूप से महाविद्यालय में अध्ययन नहीं कर पाते हैं। अब विद्यार्थी मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से अपनी उच्च शिक्षा जारी रख सकेंगे।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी को अध्ययन केंद्र के रूप में नामित करते हुए केंद्र कोड 14057 आवंटित किया गया है।
विश्वविद्यालय से संबंधित दस्तावेजों में बीबीए, बीसीए, बीएससी बायो तथा गणित संबर्ग एवं एमएससी गणित सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों का उल्लेख किया गया है। पाठ्यक्रमों की उपलब्धता, प्रवेश प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को महाविद्यालय के अध्ययन केंद्र से प्राप्त हो सकेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों से यह पहल धरातल पर साकार हो सकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र स्थापित होना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इससे स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को अपनी परिस्थितियों के अनुरूप पढ़ाई जारी रखने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पहल उच्च शिक्षा के लिए होने वाले पलायन पर अंकुश लगाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
अध्ययन केंद्र के संयोजक डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने बताया कि 17 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के उन विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो विभिन्न कारणों से नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ रहते हैं। स्थानीय स्तर पर अध्ययन केंद्र की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सेवाओं से जुड़ने में भी सहूलियत मिलेगी।
महाविद्यालय में समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश रावत ने कहा कि महाविद्यालय में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस दिशा में आवश्यक औपचारिकताएँ ऑनलाइन माध्यम से पूरी की गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता ने स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल तथा संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. संगीता गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं शैक्षणिक कर्मचारियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
उक्त जानकारी महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी तथा उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का यह अध्ययन केंद्र पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुँच बढ़ाने, विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



More Stories
उत्तराखंड- राज्य में 19 अक्टूबर को महानवमी के पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित
कोटा: कन्या महाविद्यालय में POSH अधिनियम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हरिद्वार: संस्कृति विद्यालय में नवरात्रि गरबा की धूम, नन्हे-मुन्ने बच्चों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियाँ