कोटा: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय में आज एन.सी.सी. आर्मी विंग की ओर से ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर महाविद्यालय की 137 एन.सी.सी. कैडेट्स ने विभिन्न कार्यक्रमों में पूरी ऊर्जा और जोश के साथ भाग लिया।
महाविद्यालय की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ पारुल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छता अभियान (श्रमदान) और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ निकाली गई भव्य रैली से हुआ।
इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में रंगोली निर्माण, पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सीमा चौहान ने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में 2014 से मनाये जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस का युवाओं के लिए विशेष महत्त्व है, वे समाज में एकता और सद्भाव के प्रतीक रहे हैं और हम सभी आज के दिन को एकता दिवस के रूप में मनाकर सरदार पटेल को जीवंत बनाये रखते हैं।
महाविद्यालय के निरीक्षण हेतु आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, जयपुर से पधारे डॉ पंकज गुप्ता जी ने भी एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा कैडेट्स को एकता एवं अनुशासन हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी 137 कैडेट्स ने देश में शांति, सद्भाव और अखंडता को बनाए रखने के लिए एकता की शपथ ली। इस आयोजन ने छात्राओं में देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक मजबूत किया।



More Stories
कलियर: होटल में नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाला फरार आरोपी दानिश गिरफ्तार
हरकी पैड़ी पर मिश्री मठ के स्वच्छता अभियान में जुटे हजारों लोग, मेलाधिकारी सहित मेला प्रशासन के अधिकारियों ने भी किया श्रमदान
कायस्थ महासभा द्वारा रविवार को होगा भव्य चित्रगुप्त कथा का आयोजन, स्वास्थ्य जांच शिविर सहित होंगे कई आयोजन