November 2, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

पवित्र नदियों को यदि माता मानते हैं तो फिर गंदगी का विसर्जन करते समय माँ का भाव क्यों नहीं? – जितेन्द्र रघुवंशी

संजीव शर्मा, हरिद्वार, 1 नवम्बर:  स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्र व्यापी कार्यक्रम हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम अभियान के अन्तर्गत आज देश के विभिन्न प्रान्तों में 47 वें रविवार में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ ही स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा शहीद स्थलों पर पुष्पांजलियां समर्पित की गईं।

हरिद्वार जिले में अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल ज्वालापुर, वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की तथा बहादराबाद में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल ज्वालापुर में सम्पन्न हुआ, जहाँ राष्ट्रगीत वन्देमातरम् के पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने ध्वजारोहण किया।

राष्ट्रगान के बाद भारत भूषण विद्यालंकार, जितेन्द्र रघुवंशी तथा नगर निगम हरिद्वार के स्वास्थ्य अधिकारी पवन कर्की ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद कीर्ति स्तंभ में पुष्पांजलि समर्पित किया। उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भी पुष्पांजलियां समर्पित किया।

देश भर में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को संदेश देते हुए स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चलाए जा रहे माँ गंगा स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि हम यदि पवित्र नदियों को माता मानते हैं तो फिर इन नदियों में गंदगी का विसर्जन करते समय माँ का भाव क्यों समाप्त हो जाता है।

यदि हर श्रद्धालु अपने अन्दर माँ के भाव को जगा सके तो प्रति वर्ष हजारों टन कचरा गंगा मैया के उदर से न निकालना पड़े। हम धन्यवाद देते हैं जिला प्रशासन, नगर निगम तथा यहाँ के स्वयंसेवी संगठनों को जो प्रतिवर्ष प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर गंगा घाटों को पवित्र बनाते हैं। आज प्रशासन के साथ मिलकर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों ने भी शहीद जगदीश वत्स घाट की सफाई की।

रघुवंशी ने देश भर में इस मासिक कार्यक्रम में शामिल स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों से कहा कि हमें अपनी समीपवर्ती नदियों की स्वच्छता की ओर भी ध्यान देना चाहिए और जहाँ संभव हो प्रशासन के साथ मिलकर इस पुनीत कार्य में सहयोगी की भूमिका निभानी चाहिए।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने सेनानी परिवारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता के संस्कार जीवन में पनपें तो ही सफाई करने का प्रदर्शन सार्थक हो सकता है। यह एक दिन का काम नहीं है, बल्कि हर क्षण का काम है। नगर निगम हरिद्वार के स्वास्थ्य अधिकारी पवन कर्की ने स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को स्वच्छता अभियान में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त किया तथा स्वच्छता कार्य के लिए सहायक सामग्री उपलब्ध कराई।

शहीद जगदीश वत्स घाट की सफाई में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, जितेन्द्र रघुवंशी, डॉ वेद प्रकाश आर्य, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कर्ण सिंह राणा, वीरेन्द्र गहलोत, नरेन्द्र कुमार वर्मा, ललित कुमार चौहान, कैलाश चन्द वैष्णव, रमेश चन्द गुप्ता, रमेश कुमार विशाल, आदित्य प्रकाश उपाध्याय, विवेक शर्मा, यशपाल ठाकुर, दिपेक्ष आर्य, शिक्षा आर्य, गुरवीर सिंह, सुरेन्द्र सिंह, मंजु लता भारती, प्रमेश चौधरी, राजेश ढींगरा, कुसुम ढींगरा, सुंदर सिंह रावत तथा चमन लाल का सराहनीय योगदान रहा।

About The Author