हरिद्वार: हरकी पैड़ी क्षेत्र के पुरोहित मोड़ के पास तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच हुआ विवाद मारपीट और हंगामे में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने पहुंचे नगर निगम के वार्ड आठ के पार्षद हिमांशु गुप्ता के साथ भी हाथापाई हो गई।
सूचना पर पहुंची हरकी पैड़ी चौकी पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को चौकी ले आई। मामले में पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को हरकी पैड़ी क्षेत्र में पुरोहित मोड़ के पास किसी बात को लेकर तीर्थ पुरोहितों और यजमानों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सार्वजनिक स्थान पर हंगामे और मारपीट की सूचना मिलने पर हरकी पैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए उन्हें चौकी ले आई।
इसी दौरान नगर निगम के वार्ड आठ के पार्षद हिमांशु गुप्ता भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए चौकी पहुंचे थे। बताया गया कि समझौते को लेकर चल रही बातचीत के दौरान विवाद दोबारा बढ़ गया और कुछ लोगों ने पार्षद के साथ भी हाथापाई कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हरकी पैड़ी चौकी पहुंच गए। देर रात तक चौकी के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा।
वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी कुन्दन सिंह राणा ने बताया कि हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुरोहित मोड़ के पास कुछ व्यक्तियों के बीच लड़ाई-झगड़े और गाली-गलौज की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को हिरासत में लिया और सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया।



More Stories
नाबालिग पुत्री के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने वाले आरोपी पिता के विरुद्ध बहादराबाद पुलिस की कार्रवाई
हरिद्वार : युवा महोत्सव का भव्य आयोजन,कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
महाविद्यालय रानीखेत में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक एकीकरण पर विचार गोष्ठी आयोजित