हरिद्वार, 11 नवंबर 2026। कुंभ मेला-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा घाटों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति देने के बाद अब मेला प्रशासन का मुख्य ध्यान निर्माणाधीन पुलों, सड़कों और अन्य लंबित परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर है।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार कार्यस्थलों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा ले रहे हैं।
निर्माणाधीन पुलों की समीक्षा और गुणवत्ता के निर्देश
इसी क्रम में बुधवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी में सूखी नदी पर बन रहे डबल लेन स्टील गर्डर पुल और दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाएं पूरी क्षमता व संसाधनों के साथ काम करते हुए सभी प्रोजेक्ट समय पर पूरा करें। उन्होंने गुणवत्ता के मानकों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण में तेजी लाने के आदेश
अपर मेलाधिकारी ने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चल रहे सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता श्री योगेश कुमार को निर्देश दिया कि सीसीटीवी की भूमिगत केबल और सीवरेज लाइन का काम पूरा हो चुका है, इसलिए अब लंबित सड़क और फुटपाथ निर्माण में बिल्कुल देरी न की जाए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों और फुटपाथों के दुरुस्त होने से पैदल यात्रियों को सुविधा होगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु रहेगी।
वरिष्ठ अभियंताओं ने भी लिया निर्माण स्थलों का जायजा
मेला क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए बुधवार को लोनिवि के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष श्री राजेश चंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री डीपी सिंह और सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री बीसी पांडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। सभी अधिकारियों ने तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मेला प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ से पहले सभी आधारभूत सुविधाएं पूरी तरह तैयार कर ली जाएं।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में नशा मुक्ति की शपथ का आयोजन
वरिष्ठ भाजपा नेता व समाज सेवी डा.विशाल गर्ग बने एचआरडीए के नामित सदस्य
15 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंग बांध प्रभावितों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार, जनआंदोलन शुरू