November 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

गजा में शीघ्र होगा 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया क्षेत्र भ्रमण

डीपी  उनियाल, नरेंद्र नगर/गजा (टिहरी)। नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने शनिवार को क्वीली पट्टी के मैदार, अमसारी गांव, बैरोला और अदाली (सैण) का भ्रमण कर जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान मंत्री ने मैदार स्थित दखिण काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और चाका सड़क से अदाली सैण तक नवनिर्मित सड़क का फीता काटकर लोकार्पण किया।

पलायन रोकने को स्वरोजगार अपनाने और पैतृक भूमि न बेचने की अपील
जन संवाद को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जीवन की लाइफ लाइन हैं। उन्होंने बताया कि गजा में पदों के सृजन सहित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का शिलान्यास शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पलायन रोकने के लिए स्वरोजगार बेहद जरूरी है और सरकार इसके लिए होम स्टे, पॉली हाउस, बागवानी, मशरूम उत्पादन, अदरक व सौंठ की खेती पर आकर्षक अनुदान दे रही है। महिला समूहों को पिरुल एकत्रित करने के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपनी पैतृक जमीन न बेचने और जनगणना अपने ही गांव में कराने का आह्वान किया, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों में विधानसभा और संसदीय क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कम न हो।
विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से लाखों रुपये की घोषणा
मंत्री सुबोध उनियाल ने विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से लाखों रुपये स्वीकृत करने की घोषणा करते हुए कहा कि नरेंद्र नगर विधानसभा में सर्वाधिक विकास कार्य हुए हैं। क्षेत्र आगमन पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर मंत्री का भव्य स्वागत किया। इस दौरान प्रधान मैदार अनिल असवाल, प्रधान बैरोला मंगेश उनियाल और प्रधान सैण धन सिंह सजवाण ने मंत्री का अभिनंदन करते हुए मांग पत्र सौंपा। प्रधान धन सिंह सजवाण ने अदाली गांव से सैण तक सड़क स्वीकृत करने की प्रमुख मांग भी रखी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम को नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल, ताजबीर सिंह खाती, मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष बीर सिंह रावत, बजरंगी स्वाभिमानी सेवा समिति के अध्यक्ष जगत सिंह असवाल और प्रधान धन सिंह सजवाण ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री सुनील चौहान, प्रधान सुरेश कोठारी, मंजू रावत, मुकेश चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा देवी, सुदान सिंह, रमेश लाल, पूर्व प्रधान दिनेश उनियाल, मुनेन्द्र उनियाल, जीत राम उनियाल, कनिष्ठ प्रमुख दुर्गा रावत सहित तहसीलदार गजा राजेन्द्र सिंह गुनसोला, लोनिवि अधिशासी अभियंता प्रवीन कर्नवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, बीडीओ फकोट तथा वन, जल संस्थान, जल निगम और विद्युत विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सौंग घाटी क्षेत्रीय समिति का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार तीसरे दिन भी जारी, धरना स्थल पर पहुंचे विधायक प्रीतम सिंह पंवार

 

About The Author