May 9, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

धनौरी पीजी कॉलेज, हरिद्वार में विदाई समारोह का आयोजन

धनौरी पी जी कॉलेज में बी.ए. एवं बी.एससी. षष्ठम सेमेस्टर अर्थात स्नातक तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव आदेश कुमार, प्राचार्य प्रो. डॉ. विजय कुमार तथा प्रॉक्टोरियल बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. अलका सैनी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव आदेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें जीवन में निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य प्रो. डॉ. विजय कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध विभिन्न अवसरों एवं संसाधनों के बारे में जानकारी दी तथा महाविद्यालय में संचालित स्नातकोत्तर (मास्टर्स) पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारी साझा कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

डॉ. अलका सैनी ने विद्यार्थियों को समय की पाबंदी, अनुशासन एवं अच्छे जीवन मूल्यों के महत्व को समझाते हुए महाविद्यालय में अध्ययन के दौरान विद्यार्थियों में आए सकारात्मक परिवर्तनों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत, नृत्य एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों की प्रस्तुतियों से समारोह को उत्साहपूर्ण एवं यादगार बना दिया गया। चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने अपने वरिष्ठ साथियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में बी.एससी. षष्ठम सेमेस्टर से “मिस्टर फेयरवेल” का खिताब सार्थक तथा “मिस फेयरवेल” का खिताब तस्मीया को प्रदान किया गया। वहीं कला वर्ग में “मिस्टर फेयरवेल” अजय एवं “मिस फेयरवेल” शिवानी रहीं। सभी विजेताओं को महाविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया।

पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं निधि, शोएब एवं प्रणव द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं व्यवस्थित रूप से किया गया। तीनों विद्यार्थियों ने अपने आत्मविश्वास, संवाद शैली एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति से समारोह को आकर्षक एवं गरिमामय बना दिया, जिसकी उपस्थित सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सराहना की। साथ ही कार्यक्रम के दौरान उनकी ऊर्जा, समन्वय एवं मंच पर सहज प्रस्तुति ने पूरे समारोह को जीवंत एवं यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह के दौरान महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें जीवन में निरंतर प्रगति करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

About The Author