October 5, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगी नई दिशा, धनौरी पी.जी. कॉलेज में निःशुल्क प्रशिक्षण कक्षा शुरू

हरिद्वार 05 अक्टूबर 2026: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में धनौरी पी.जी. कॉलेज ने एक महत्वपूर्ण पहल की है।

महाविद्यालय में स्नातक एवं परास्नातक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के लिए सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता केवल अधिक पढ़ने से नहीं, बल्कि सही दिशा में निरंतर एवं योजनाबद्ध तैयारी से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय-प्रबंधन, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनी तैयारी का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास विद्यार्थियों को सफलता की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक रणनीति, अध्ययन की दिशा तथा परीक्षा के विभिन्न चरणों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित तैयारी तक सीमित न रखते हुए उन्हें लिखित परीक्षा से लेकर साक्षात्कार तक की समग्र तैयारी के लिए तैयार करना है।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। निर्धारित अवकाशों को छोड़कर प्रशिक्षण की कुल अवधि 15 दिन रहेगी। प्रशिक्षण कक्षाएं महाविद्यालय के स्वर्गीय डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित हॉल (प्रथम तल) में आयोजित की जाएंगी।

महाविद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, परीक्षा संबंधी रणनीति तथा नियमित तैयारी का बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। इससे विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद सरकारी सेवाओं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. आनंद शर्मा, डॉ. संजीव सैनी, डॉ. अंकुर नेहरा, डॉ. प्रियंका नेगी, श्री अंकित कोहली, श्री रोशन भट्ट, श्री प्रशांत मोहन सहित महाविद्यालय के अन्य आचार्यगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति अपनी रुचि एवं उत्साह व्यक्त किया।

महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके करियर निर्माण को सशक्त बनाना महाविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार की उपयोगी पहल जारी रखी जाएगी।

About The Author