August 10, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय कमांद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

कमांद, टिहरी गढ़वाल: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान–2026 के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है।

अभियान की कार्यक्रम-श्रृंखला का शुभारंभ 09 अगस्त 2026 को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के शुभारंभ एवं तिरंगा थीम पर कला दीर्घा के आयोजन के साथ किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय में एक आकर्षक कला दीर्घा स्थापित की गई, जिसमें स्वतंत्रता दिवस, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास एवं उसकी गौरवशाली यात्रा से संबंधित विभिन्न चित्रों एवं सामग्री का प्रदर्शन किया गया।

कला दीर्घा का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के कर-कमलों द्वारा किया गया।

प्राचार्या द्वारा कला दीर्घा में प्रदर्शित चित्रों एवं सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न चरणों, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान तथा भारतीय तिरंगे के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति कर्तव्य और स्वतंत्रता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर डॉ. शेफाली शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कला दीर्घा में प्रदर्शित भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के ऐतिहासिक विकास एवं उसकी गौरवशाली यात्रा से संबंधित चित्रों एवं विवरण के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसके स्वरूप में समय-समय पर हुए परिवर्तनों तथा वर्तमान तिरंगे के महत्व के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारतीय तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान ही नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, त्याग, बलिदान, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के जीवन एवं उनके त्याग से प्रेरणा लेने तथा उनके आदर्शों को अपने आचरण में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गरिमा के प्रति प्रतिबद्ध रहना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

महाविद्यालय की रोवर-रेंजर इकाई की नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीन के निर्देशन में कला दीर्घा के लिए स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के योगदान, भारतीय तिरंगे के इतिहास तथा स्वतंत्रता दिवस से संबंधित विभिन्न चित्रों एवं सामग्री का संकलन किया गया। विद्यार्थियों के सहयोग से इन चित्रों को सुव्यवस्थित रूप से कला दीर्घा में प्रदर्शित किया गया।

डॉ. प्रवीन द्वारा विद्यार्थियों को प्रदर्शित सामग्री के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराते हुए उसके ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व की जानकारी भी दी गई। कला दीर्घा के अवलोकन में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता प्रदर्शित की।

स्वतंत्रता दिवस के पूर्व महाविद्यालय में रोवर-रेंजर इकाई की नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीन के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिदिन परेड का अभ्यास भी किया जा रहा है। इस अभ्यास में बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी मीनाक्षी, जो एनसीसी में ‘बी’ प्रमाण-पत्र प्राप्त कर चुकी हैं, द्वारा छात्र-छात्राओं को परेड की विभिन्न बारीकियों एवं अनुशासन से परिचित कराते हुए अभ्यास में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की इसी श्रृंखला में 10 अगस्त 2026 को छात्र-छात्राओं के मध्य ‘तिरंगा थीम’ पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रोवर-रेंजर इकाई की नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीन के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न समूहों में विभाजित होकर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रभक्ति की भावना पर आधारित आकर्षक एवं सृजनात्मक रंगोलियां तैयार कीं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता तथा देशभक्ति की भावना का सुंदर प्रदर्शन किया।

रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका महाविद्यालय की चीफ प्रॉक्टर डॉ. शेफाली शुक्ला, प्राध्यापिका डॉ. बीना तथा श्रीमती पूजा रानी द्वारा निभाई गई। निर्णायकों द्वारा रंगोलियों की रचनात्मकता, विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण एवं तिरंगा थीम के अनुरूप अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।

महाविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आगामी दिवसों में भी 15 अगस्त 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रमों की आगामी श्रृंखला में तिरंगा थीम पर पोस्टर प्रतियोगिता, स्वतंत्रता संग्राम एवं ‘वन्दे मातरम्’ विषयक जागरूकता कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा स्वतंत्रता दिवस विषयक निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा, राष्ट्रध्वजारोहण एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के अमूल्य इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

About The Author