पौख़ाल, 14 अक्टूबर 2026: इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौख़ाल, टिहरी गढ़वाल में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुरेश चंद्र ममगाईं जी के निर्देशन में आज महाविद्यालय की महिला उत्पीड़न समिति के तत्वावधान में कानूनी जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता सुश्री मनीषा जोशी ने छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
व्याख्यान के दौरान अधिवक्ता सुश्री मनीषा जोशी जी ने तेजाब हमलों, घरेलू हिंसा तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने घरेलू हिंसा के विभिन्न रूपों, जैसे शारीरिक, मानसिक, मौखिक एवं आर्थिक उत्पीड़न, की जानकारी देते हुए महिलाओं को उपलब्ध कानूनी संरक्षण, सहायता एवं न्याय प्राप्त करने के उपायों के बारे में बताया। साथ ही, उन्होंने तेजाब हमलों से प्रभावित व्यक्तियों के अधिकारों तथा उनके लिए उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर महिला उत्पीड़न समिति की संयोजक डॉ. अंधरुति शाह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने समानता, गरिमा, भेदभाव रहित व्यवहार तथा प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों के सम्मान पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि कानूनी जागरूकता विशेष रूप से महिलाओं एवं समाज के कमजोर वर्गों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कानून की जानकारी उन्हें अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने और उचित कानूनी सहायता प्राप्त करने में सक्षम बनाती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सामाजिक समानता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा एक सुरक्षित, समानतापूर्ण एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) सुरेश चंद्र ममगाईं, डॉ. अंधरुति शाह, डॉ. बबीत कुमार विहान, डॉ. पुष्पा झाबा, श्री अरविंद नारायण, डॉ. गोविन्द कुमार एवं डॉ. सर्वेश कुमार सहित महाविद्यालय के कर्मचारीगण श्री प्रताप गुसाईं, श्रीमती अमिता पुंडोरा, श्री राजेंद्र राणा, श्री राजपाल, श्री रोशन, श्री गंभीर आदि उपस्थित रहे।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में स्थापना दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
लक्सर में पनीर निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, करीब 10 कुंतल मिलावटी खाद्य पदार्थ किया नष्ट
हरिद्वार में 12 से 14 अक्टूबर तक जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए फील्ड ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण