March 26, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं- डॉ. इवान्शु सैनी

हरिद्वार: धनौरी पीजी कॉलेज द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस का शुभारंभ उत्साह एवं अनुशासन के साथ हुआ। यह समस्त कार्यक्रम NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकुर कुमार की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवकों ने प्रातः काल योग एवं मेडिटेशन से दिन की शुरुआत की, जिसके पश्चात शारीरिक व्यायाम कराया गया। इस गतिविधि में सभी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत रास्तों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के दौरान दो महत्वपूर्ण व्याख्यान भी आयोजित किए गए। प्रथम व्याख्यान शिविर के सचिव श्री आदेश कुमार सैनी जी द्वारा “स्वच्छता एवं जन स्वास्थ्य” विषय पर प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, सामुदायिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

द्वितीय व्याख्यान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार जी द्वारा “पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान” विषय पर दिया गया, जिसमें उन्होंने पर्यावरण संतुलन, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी की आवश्यकता को रेखांकित किया।

इसके अतिरिक्त पृथ्वी सिंह विकसित ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के निदेशक डॉ. इवान्शु सैनी ने अपने संदेश में कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं अनुशासन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा दीवारों पर आकर्षक एवं प्रेरणादायक चित्र बनाकर परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।

दोपहर के पश्चात स्वयंसेवकों ने खेल गतिविधियों में भाग लेते हुए बैडमिंटन खेला, जिससे उनमें टीम भावना एवं शारीरिक स्फूर्ति का विकास हुआ। अंत में स्वयंसेवकों द्वारा पर्यावरण विषय से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को लिखकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सम्मानित शिक्षकगण डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. विश्वजीत, डॉ. मीनाक्षी सैनी, सुश्री मोनिका रानी एवं श्री अंकित कोहली भी उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस प्रकार शिविर का द्वितीय दिवस ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं जनसेवा की भावना से परिपूर्ण रहा।

About The Author

You may have missed