देवेंद्र सक्सेना, कोटा, 20 अक्टूबर 2026: प्रज्ञा प्रवाह द्वारा संचालित एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सहयोग से निकाली जा रही लोक मंथन यात्रा सोमवार, 19 अक्टूबर को कोटा पहुँची।
यात्रा के कोटा आगमन पर विभिन्न राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक संगठनों के सहयोग से कई गरिमामयी और ऊर्जावान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें संस्कार भारती कोटा महानगर की सक्रिय सहभागिता रही।

‘हम भारत के लोग’ विषय पर हुआ प्रबुद्ध बौद्धिक
यात्रा के तहत आज प्रातः 10 बजे अधिवक्ता परिषद के सहयोग से एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता श्रीमान खत्री जी ने ‘हम भारत के लोग’ विषय पर अत्यंत प्रभावशाली और वैचारिक बौद्धिक पाथेय प्रदान किया। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में विभिन्न पारंपरिक लोक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भपंग वादन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक अखिल भारतीय साहित्य परिषद एवं संस्कार भारती कोटा महानगर के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें संस्कार भारती कोटा के लोक कला संयोजक किशन लाल वर्मा एवं अध्यक्ष हरिहर बाबा ने अपनी बेहतरीन जुगलबंदी से भपंग वादन एवं गायन की शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान संस्कार मित्र कुणाल गंधर्व ने तबले पर संगति कर कार्यक्रम में समां बांध दिया।
राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह: दिग्गजों का हुआ अभिनंदन
इस अवसर पर प्रज्ञा प्रवाह की ओर से ‘राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में संस्कार भारती कोटा महानगर से जुड़ी विभिन्न विधाओं की राष्ट्रीय प्रतिभाओं को भारत माता का चित्र, प्रमाण पत्र, मोतियों की माला और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली प्रमुख विभूतियाँ:
- श्री शंभु सिंह चौबदार (प्रसिद्ध चित्रकार)
- श्रीमती रेखा राव (प्रसिद्ध पार्श्व गायिका)
- सुश्री आस्था सक्सेना (गायिका)
- सुश्री बरखा जोशी (प्रसिद्ध नृत्यांगना)
- श्री कुणाल गंधर्व (युवा भवई नृत्यकार)
- श्री प्रभाकर जी (कारगिल योद्धा)
- प्रो. कृष्ण बिहारी भारतीय (संरक्षक, अखिल भारतीय साहित्य परिषद)
- श्री अशोक गुप्ता (प्रसिद्ध खेल गुरु)
- सुश्री महक शर्मा (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी)
वरिष्ठ पदाधिकारियों और राष्ट्रनिष्ठ प्रबुद्धजनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और अन्य वैचारिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन मिला। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय कार्यवाह श्री जसवंत जी खत्री, माननीय संघचालक गोपाल जी गर्ग, लोक मंथन यात्रा संयोजक श्री सत्यनारायण जी, प्रांत प्रचारक मुरलीधर जी, सह प्रांत प्रचारक नरेंद्र जी, विभाग प्रचारक अजय सिंह और श्री सत्यनारायण यादव उपस्थित रहे।
इनके साथ ही डॉ. एम.एल. साहू, श्याम नागर, डॉ. हरिशंकर शर्मा, डॉ. नारायण हेडा, विष्णु शर्मा हरिहर, डॉ. घनश्याम शर्मा, रामेश्वर शर्मा (रामू भैया), भगवती प्रसाद गौतम, राजेंद्र जी मोरपा, योगी राज योगी सहित संस्कार भारती के देवेंद्र कुमार सक्सेना, डॉ. संगीता सक्सेना, डॉ. बाबूलाल भाट, प्रमोद राठौड़, डॉ. राकेश यादव, रास विहारी यादव एवं बड़ी संख्या में संघ व संस्कार निष्ठ कार्यकर्ता व प्रबुद्धजन उपस्थित थे।



More Stories
हरिद्वार जनपद में 21 अक्टूबर से 07 नवम्बर तक चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी ने नामित किए नोडल अधिकारी
विजयदशमी के अवसर पर नगर निगम द्वारा हरकी पैड़ी एवं आसपास के घाटों पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
हरिद्वार: कांस्टेबल प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन