September 22, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर की वार्षिक बैठक संपन्न, दो नई व्यापार मंडल इकाइयों की घोषणा

हरिद्वार,22 सितंबर:  शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर इकाई की वार्षिक बैठक कल एक होटल में अत्यंत उत्साह एवं सफलता के साथ संपन्न हुई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी बंधुओं ने प्रतिभाग किया।

बैठक में व्यापारी हितों, बाजारों की समस्याओं, सरकारी विभागों से संबंधित परेशानियों तथा व्यापारी एकता को मजबूत करने सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री संजीव नय्यर ने की, जबकि बैठक का संचालन शहर अध्यक्ष श्री विपिन गुप्ता एवं शहर महामंत्री श्री विक्की तनेजा ने किया।

दो नई व्यापार मंडल इकाइयों की घोषणा

बैठक के दौरान शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर द्वारा दो नई व्यापार मंडल इकाइयों की घोषणा की गई। इनमें न्यू मार्केट व्यापार मंडल, निकट श्रीराम चौक ज्वालापुर तथा आर्यनगर युवा व्यापार मंडल शामिल हैं। दोनों इकाइयों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने रखे व्यापारी हित के मुद्दे

बैठक में जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, संरक्षक राकेश मल्होत्रा, संरक्षक अमर कुमार, श्री नरेंद्र अग्रवाल, डॉ. पवन सिंह, युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष श्री संदीप शर्मा, श्री नीरज मंगल, श्री विपिन सिंघल एवं श्री रवि धींगरा सहित अन्य वक्ताओं ने व्यापारी हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।

सभी वक्ताओं ने व्यापारी एकता को मजबूत करने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर प्रयास करने पर बल दिया।

सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

शहर अध्यक्ष विपिन गुप्ता एवं शहर महामंत्री विक्की तनेजा ने कहा कि शासन एवं प्रशासन द्वारा व्यापारियों की समस्याओं पर अपेक्षित गंभीरता दिखाई जानी चाहिए। जीएसटी विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम तथा अन्य सरकारी विभागों से संबंधित मामलों में व्यापारियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग द्वारा नियमावली एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही कार्रवाई होनी चाहिए तथा व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

शहर अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने बाजारों में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अनेक बाजारों में पीने के पानी, सार्वजनिक शौचालय, बेहतर सड़क, सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। व्यापारियों से लगातार टैक्स लिया जाता है, इसलिए बाजारों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।

व्यापारियों के लिए पेंशन एवं भविष्य निधि की मांग

विपिन गुप्ता ने कहा कि व्यापारी अपने जीवन के 40–50 वर्षों तक विभिन्न माध्यमों से सरकार को टैक्स देता है, लेकिन वृद्धावस्था में पहुंचने के बाद व्यापारियों के लिए कोई समुचित पेंशन अथवा भविष्य निधि की व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी व्यवस्था पर विचार करना चाहिए, जिसके माध्यम से लंबे समय तक देश के राजस्व में योगदान देने वाले व्यापारियों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा मिल सके, ताकि वे अपने दैनिक जीवन, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक खर्चों को सम्मानपूर्वक पूरा कर सकें।

अफसरशाही बर्दाश्त नहीं होगी

शहर महामंत्री विक्की तनेजा ने कहा कि समय-समय पर अधिकारियों द्वारा अपनाई जाने वाली अफसरशाही एवं मनमानी की कार्यप्रणाली को व्यापार मंडल बर्दाश्त नहीं करेगा। व्यापारियों की समस्याओं और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संगठन प्रत्येक व्यापारी के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

जिलाध्यक्ष संजीव नय्यर ने दिया एकजुटता का संदेश

बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष श्री संजीव नय्यर ने अपने अध्यक्षीय भाषण के माध्यम से बैठक को संबोधित किया। उन्होंने व्यापारियों द्वारा बड़ी संख्या में बैठक में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने पर आभार व्यक्त किया तथा कहा कि व्यापारियों की सभी समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए संगठन का मजबूत और एकजुट होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने जिले भर के व्यापारियों से आपसी मतभेद, राजनीतिक विचारधारा एवं छोटे-बड़े के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी एकता ही व्यापारियों की सबसे बड़ी शक्ति है और संगठन इसी एकता के माध्यम से व्यापारी हितों की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

बैठक में उपस्थित सभी व्यापारियों ने संगठन को मजबूत करने तथा व्यापारी हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर ने बैठक में उपस्थित सैकड़ों व्यापारी बंधुओं का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

नवगठित इकाइयों के पदाधिकारी

न्यू मार्केट व्यापार मंडल, निकट श्रीराम चौक, ज्वालापुर

आर्यनगर युवा व्यापार मंडल

विपिन गुप्ता

शहर अध्यक्ष

विक्की तनेजा

शहर महामंत्री

शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर

About The Author