नरेंद्रनगर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका नरेंद्रनगर के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में जर्नल ऑफ सोशल रिव्यू एंड डेवलपमेंट के मई 2026 के विशेषांक का विमोचन उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल द्वारा किया गया।
शोध पत्रिका का मुख्य विषय ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता युग में विकसित भारत@2047 के लिए वैश्विक अनुसंधान, नवाचार, कौशल एवं सतत विकास” (“Global Research, Innovation, Skill and Sustainability for Viksit Bharat@2047 in AI Era”) है।
कार्यक्रम में नरेंद्रनगर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, अधिशासी अधिकारी श्री एलम सिंह रावत, तहसीलदार नरेंद्रनगर श्री विनोद कुमार तिवारी, प्राध्यापक श्री महेश गुसाईं, सभासद श्री साकेत बिजलवान, श्री सचिन भंडारी एवं श्रीमती ममता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी ने कहा कि अनुसंधान, नवाचार, कौशल और सतत विकास के समन्वित प्रयास विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जर्नल के प्रकाशन को शोध एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपयोगी पहल बताते हुए संपादकीय टीम को बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका के मुख्य अतिथि संपादक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि पत्रिका का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में अनुसंधान, नवाचार, कौशल एवं सतत विकास पर सार्थक अकादमिक विमर्श को बढ़ावा देना है।
उन्होंने माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार एवं उपजिलाधिकारी श्री देवेंद्र सिंह नेगी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकाशन को सफलतापूर्वक मूर्त रूप देने में उनके विशेष सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके बिना यह प्रकाशन संभव नहीं था।
साथ ही संपादकीय सहयोग के लिए प्रो. चतर सिंह नेगी, डॉ. सुष्मिता राजवार, एसोसिएट प्रोफेसर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, तथा डॉ. अमित अग्रवाल, एवं डॉ. राजपाल सिंह रावत तथा सभी शोध पत्र प्रेषित करने वाले शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
शोध पत्रिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अनुसंधान, नवाचार, कौशल और सतत विकास से जुड़े विविध विषयों पर राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए गए हैं जिसका उद्देश्य समकालीन वैश्विक चुनौतियों के संदर्भ में शोध एवं ज्ञान के माध्यम से विकसित भारत@2047 की दिशा में विमर्श को मजबूत करना है। कार्यक्रम की समाप्ति पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति भी हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।


More Stories
पार्थिव शिवलिंग पूजन श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का प्रतीक: आचार्य महंत प्रदीप गोस्वामी जी
वैश्य बंधु समाज मध्य हरिद्वार की महिला विंग ने उल्लास के साथ मनायी हरियाली तीज
23 अगस्त को होगा 116वॉ श्री मुलतान जोत महोत्सव का आयोजन