हरिद्वार: कृषि ऋण माफ कराने का सपना दिखाकर एक किसान से 2.75 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने बैंक शाखा प्रबंधक समेत दो लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कंकरखाता गांव निवासी किसान पहल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे भरोसा दिलाया गया था कि उसका कृषि ऋण पूरी तरह माफ करा दिया जाएगा।
आरोप है कि इसी विश्वास में उसने 25 अगस्त 2025 को 2.75 लाख रुपये बैंक में जमा कराए। रकम जमा करने के बाद उसे रसीद भी दी गई, जिससे उसे लगा कि ऋण माफी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
किसान का कहना है कि कई महीने बीत जाने के बावजूद उसका ऋण समाप्त नहीं हुआ। जब उसने इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया तो उसे लगातार टालमटोल जवाब दिए जाते रहे। कई बार बैंक और संबंधित लोगों के चक्कर लगाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला।
पीड़ित के अनुसार अंततः उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से आरोपितों को कानूनी नोटिस भेजा। नोटिस मिलने के बाद संबंधित लोगों ने यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि ऋण माफी कराना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है और उन्होंने उससे कोई धनराशि नहीं ली।
हालांकि किसान का दावा है कि उसके पास बैंक में जमा कराई गई राशि से संबंधित सभी दस्तावेज और प्रमाण मौजूद हैं।
पहल सिंह ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से उसे भ्रमित कर 2.75 लाख रुपये हड़प लिए गए। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
हरिद्वार: खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चारधाम यात्रा मार्ग पर खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण
मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं- जिलाधिकारी मयूर दीक्षित
आदेश त्यागी द्वारा रचित कविता “पानी”