हरिद्वार: कनखल के महंत हत्याकांड में फरार चल रहे छठे आरोपी को उत्तराखंड एसटीएफ ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान शामली जिले के झिंझाना क्षेत्र के ऊदपुर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसटीएफ के मुताबिक, वर्ष 2024 में कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में गुरुजी महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास (73) की हत्या कर दी गई थी। मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक षड्यंत्र समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान इस हत्याकांड में कुल छह आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी।
मामले में चार आरोपियों को हरिद्वार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। इसके बाद एसटीएफ ने 20 सितंबर 2026 को एक अन्य आरोपी सौरभ उर्फ नीटू को बागपत से गिरफ्तार किया था। छठा आरोपी प्रदीप लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई भी की थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था।
एसटीएफ ने आरोपी की तलाश में तकनीकी इनपुट के साथ मैनुअल पुलिसिंग और लगातार पतारसी-सुरागरसी की। इसी दौरान उसके चंडीगढ़ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पंजाब में छोटा हाथी वाहन से सामान की डिलीवरी करने का काम कर रहा था और लंबे समय से पुलिस से बच रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।



More Stories
हरिद्वार में एमएसएमई इकाइयों से विशेष संवाद, स्कूली बच्चों के स्टार्टअप और नवाचारों से प्रभावित हुए उद्योग मंत्री
लक्सर के पौराणिक तीर्थस्थल पंचलेश्वर महादेव मंदिर की बदलेगी सूरत, सीएम धामी ने दिया आश्वासन
हरिद्वार: पत्नी से अनबन होने पर टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप