October 1, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: धनौरी पीजी कॉलेज में 14 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ

हरिद्वार, 30 सितंबर 2026:  विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से धनौरी पीजी कॉलेज, धनौरी में 14 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को हुआ।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 तक महाविद्यालय की कंप्यूटर लैब में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेगा। इसमें महाविद्यालय के पंजीकृत विद्यार्थी निःशुल्क भाग ले सकेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कंप्यूटर के मूलभूत सिद्धांत, MS Word, MS Excel, MS PowerPoint में दस्तावेज, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन बनाना, इंटरनेट का प्रभावी एवं सुरक्षित उपयोग, ई-मेल, ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल दस्तावेज तैयार करना तथा विभिन्न कंप्यूटर आधारित कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर ज्ञान केवल एक अतिरिक्त कौशल नहीं रह गया है, बल्कि यह विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे छात्रों को विषयगत ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी और व्यावहारिक दक्षताओं से भी युक्त करें।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में IT Cell प्रभारी डॉ. अर्पित सिंह के साथ डॉ. शौर्यादित्य, डॉ. निधि, डॉ. गौरव कुमार मिश्रा एवं डॉ. कुमुद चौधरी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। IT Cell द्वारा प्रशिक्षण के लिए सभी तकनीकी एवं प्रायोगिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यह प्रशिक्षण छात्रों की डिजिटल साक्षरता, आत्मविश्वास और रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

About The Author