- 22 जून को करेंगे धरना प्रदर्शन और आंदोलन
हरिद्वार, 13 जून25: नगर पालिका शिवालिक नगर के सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने नगर पालिका में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही 22 जून को धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने की घोषणा की है।
प्रैस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने आरोप लगाया कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गयी है। अधिकारी सुविधा के अनुसार फाइल आगे बढ़ाते हैं। जिला अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद आयोजित की गयी बोर्ड बैठक की प्रोसीडिंग भी सभासदों को अब तक नहीं दी गयी है। विरोध में आवाज उठाने वाले सभासदों को धमकाया जा रहा है। विरोध कर रहे सभासदों के वार्डो में सफाई और अन्य विकास कार्य भी नहीं कराए जा रहे हैं।
अमरदीप सिंह रॉबिन ने फर्जी टेंडर और बिना कार्य के ठेकेदारों को भुगतान करने का आरोप भी लगाया और कहा कि पेयजल, कूड़ा निस्तारण और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए कोई योजना या नीति लागू नहीं की गयी है। सड़कों की हालत जर्जर है। सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। पूरे नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेसवार्ता के दौरान सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने एक सात सूत्रीय मांग पत्र भी जारी किया। जिसमें पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एसआईटी से जांच, बीएचईएल में लगाए गए यूनिपोल की वैधता की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों की सूची सार्वजनिक करने, बोर्ड बैठक की कार्यवाही सभासदों को उपलब्ध कराने, कूड़ा प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति नीति को सार्वजनिक करने, पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों और जनता के प्रति अभद्र भाषा और व्यवहार पर रोक लगाने, नगर पालिका की कार्यशैली में जनभागीदारी सुनिश्चित करने आदि शामिल हैं।
प्रेसवार्ता में तरूण व्यास, मोहित डिमरी, अतुल गोसांई, गौतम राणा, हिमांशु रावत, शिशुपाल पोखरियाल भी शामिल रहे।


More Stories
हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफलतापूर्वक समापन
हरिद्वार: जनपद के सभी स्कूलों, कॉलेजों, और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित, कांवड़ मेला के चलते लिया निर्णय
हरिद्वार: चमगादड़ टापू क्षेत्र में आज भी अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही है कार्यवाही