आज दिनांक 12 जनवरी 2024 को इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय पौखाल, टिहरी गढ़वाल में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव’ का आयोजन महाविद्यालय की ‘राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई’ के तत्वावधान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देवी माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के चित्र पर भी पुष्प अर्पित किए गए।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी. आर. भद्री ने छात्र – छात्राओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए कहा तथा कहा कि अगर भारत को 2047 में एक विकसित राष्ट्र बनना है तो हमें विवेकानंद के आदर्शों को स्वीकार करना होगा।

उन्होंने बताया कि इस साल राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम है, *’इट्स ऑल इन द माइंड’*, मतलब सब कुछ आपके दिमाग में है। सरल शब्दों में कहा जाए तो अगर किसी से कुछ करने की ठान ली, तो उसे पूरा करने से आपको कोई नहीं रोक सकता।

तत्पश्चात् सहायक प्राध्यापक डॉ. के. एल. गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह महोत्सव हर साल 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाया जाता है।

12 जनवरी 1863 को कोलकाता में स्वामी विवेकानंद का जन्म हुआ था। स्वामी विवेकानंद अपने आदर्शों और विचारों के लिए भारत ही नहीं दुनियाभर में जाने जाते हैं। काफी कम उम्र उन्होंने अपने विचारों से अपनी एक अलग पहचान कायम कर ली थी।

उनके विचार युवाओं को प्रेरित करने का काम करते हैं। इस वजह से इस दिन को युवा दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव आयोजन का उद्देश्य हर साल प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के लिए किया जाना है।

आज के इस कार्यक्रम के दौरान भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें स्नातक छात्रा कु. अंजलि खबास व कु. प्रिया नेगी संयुक्त रूप से विजयी घोषित हुईं।

इस दौरान महाविद्यालय प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी. आर. भद्री, सहायक प्राध्यापक डॉ. के. एल. गुप्ता, कर्मचारिगण एवम छात्र छात्रा उपस्थित रहे।

——————————————————————–