हरिद्वार, 16 अक्टूबर: पूर्व न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय मानव अधिकार कमेटी के मुख्य राष्ट्रीय संयोजक आनंद वर्धन ने आज प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही उनके संगठन का मुख्य उद्देश्य है। जागरूकता की कमी के कारण आम आदमी अपनी बात कहने से हिचकिचाता है और न्याय पाने के लिए उसे दर-दर भटकना पड़ता है। संविधान की सही जानकारी न होने के अभाव में न्याय पाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
राष्ट्रीय मानव अधिकार कमेटी के सदस्यों की घोषणा
इस दौरान पूर्व न्यायाधीश आनंद वर्द्धन ने राष्ट्रीय मानव अधिकार कमेटी के नए सदस्यों के नामों की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कमेटी के सभी सदस्य ज़मीनी स्तर पर लोगों के बीच जाकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि लोकतंत्र में हर नागरिक को न्याय पाने का समान अधिकार है और उनका संगठन लगातार इस दिशा में काम कर रहा है।
दिल्ली प्रदर्शन पर दिया बड़ा बयान
दिल्ली में चल रहे मौजूदा प्रदर्शन पर बोलते हुए मुख्य राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि ट्रेन या बस का संचालन रोकने और बैरिकेड लगाने से आम आदमी के मौलिक अधिकारों का हनन होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रदर्शन के कारण जनता के अधिकारों का हनन नहीं होना चाहिए और आम आदमी को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। समाज को केवल बुद्धि, विवेक और ज्ञान के माध्यम से ही सही मायने में जागृत किया जा सकता है।
हरिद्वार या देहरादून में हाईकोर्ट बेंच की उठेगी मांग
आनंद वर्धन ने एक महत्वपूर्ण आगामी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि वे जल्द ही राज्यपाल से भेंट करेंगे। इस मुलाकात के दौरान वे हरिद्वार या देहरादून में हाईकोर्ट की एक बेंच (खंडपीठ) स्थापित करने की मांग पुरज़ोर तरीके से उठाएंगे।
इस पूरी पत्रकार वार्ता के दौरान नेपाल सिंह कश्यप, चंदन कुमार शर्मा, डा. रीना सिंह, अजय कुमार और कंचन भंडारी सहित संगठन के कई गणमान्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।



More Stories
हरिद्वार के होटल में एक्सपायरी तिथि के दूध एवं ब्रेड का प्रयोग पाया गया, बिना आवश्यक लेबल वाले 120 किलोग्राम आटे को किया सीज
भारतीय रेलवे में नौकरी पाने का अवसर, 1,688 पदों पर भर्ती, 12वीं पास युवाओं के लिए मौका
राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में अभिभावक-शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी नामित