- रविवार को बाजार में थी भारी भीड़, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने से टला बड़ा हादसा
हरिद्वार, 6 सितम्बर: ज्वालापुर क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित सेंट मैरी स्कूल के सामने रविवार को शाम विद्युत लाइन में अचानक जोरदार विस्फोट होने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय रविवार होने के कारण बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे हादसा बड़ा रूप ले सकता था। हालांकि गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बताया गया कि विद्युत लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद जोरदार विस्फोट हुआ और विद्युत तारों की स्थिति खतरनाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के शहर महामंत्री विक्की तनेजा ने तत्काल विद्युत विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, संबंधित विद्युत तारों को बदले हुए अभी करीब तीन वर्ष ही हुए हैं, लेकिन इतनी कम अवधि में तारों की स्थिति खराब होना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई वर्षों पुरानी विद्युत लाइनें अभी भी सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं, जबकि अपेक्षाकृत नई बदली गई तारों में इतनी जल्दी खराबी आना विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और तारों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
रविवार को बाजार में अत्यधिक भीड़ के बीच विद्युत लाइन में हुआ यह विस्फोट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद होने से जनहानि टल गई। स्थानीय व्यापारियों ने विद्युत विभाग से मामले की जांच कर विद्युत तारों की गुणवत्ता और उनकी स्थिति की जांच कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



More Stories
महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में अंतर महाविद्यालयी दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन
हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में NSS के तत्वावधान में रक्तदान, नेत्र जाँच एवं स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित
राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में वित्तीय साक्षरता एवं कैरियर उन्नयन पर वेबिनार आयोजित