November 16, 2025

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

पर्यावरण मित्रों को मृतक आश्रित नियुक्ति का लाभ देने पर निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

हरिद्वार, 19 जून। वन टाईम सेटलमेंट स्कीम के अंतर्गत नियमित किए गए पर्यावरण मित्रों के आश्रितों को मृतक आश्रित नियुक्ति का लाभ देने पर उत्तराखण्ड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

प्रैस क्लब में आयोजित प्रैसवार्ता के दौरान मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेंद्र तेश्वर ने बताया कि संविदा पर कार्यरत 859 पर्यावरण मित्रों को वन टाइम सैटलमेंट स्कीम के तहत सेवा में नियमित किया गया था। लेकिन कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रित को मृतक आश्रित नियुक्त का लाभ नहीं मिल रहा था।

हाल ही में प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में वन टाईम सेटलमेंट स्कीम की शर्तों को निरस्त करते हुए सरकार ने 859 पर्यावरण मित्र पदों को 2013 की नियमावली में सम्मिलित कर उनके आश्रितों को मृतक आश्रित नियुक्ति का लाभ देने का निर्णय लिया है। जिसके लिए निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करता है।

पूर्व दर्जा राज्यमंत्री संतोष गौरव ने कहा कि सरकार को प्रदेश के विभिन्न निकायों में वर्षों से संविदा, आउटसोर्स पर पर्यावरण मित्र, लाइनमैन, बेलदार, चपरासी आदि पदों पर कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को स्थाई करने, चतुर्थ श्रेणी पदों को मृत घोषित करने की बाध्यता को समाप्त कर स्वीकृत पदों पर नियुक्ति बहाल करने की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और कर्मचारियों के हितों को पूरा करना चाहिए।

मोर्चा संयोजक राजेंद्र श्रमिक ने कहा कि जल्द ही मोर्चे का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर उनका भव्य स्वागत कर आभार जताएगा।

प्रैसवार्ता में प्रवीण तेश्वर, आत्माराम बेनीवाल, मुकुल जोशी, सलेकचंद, नानकचंद पीवाल, जितेंद्र तेश्वर, दीपक चावरिया, कुलदीप कांगड़ा, मनोज, प्रवीण, योगराज, विनोद कुमार, अजीत कुमार, राजेश छाछर, आनंद कांगड़ा, बलराम चौटाला, जुगनू कांगड़ा, अनिल कुमार आदि शामिल रहे।

About The Author