कमांद, 18 सितम्बर 2026: राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में दिनांक 18 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रोवर-रेंजर एवं रेड क्रॉस अभिविन्यास कार्यक्रम के साथ-साथ ‘विकसित भारत@2047’ की अवधारणा के अंतर्गत ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक प्रोफेसर गौरी सेवक के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
अभिविन्यास कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर-रेंजर एवं रेड क्रॉस की मूल अवधारणाओं, उद्देश्यों, गतिविधियों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व में उनकी भूमिका से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों को सेवा-भावना, अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग, सामाजिक संवेदनशीलता तथा समुदाय के प्रति उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बीना रानी ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए एनoएसoएसo के मूल उद्देश्य ‘समाज सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास’ की अवधारणा को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि एनoएसoएसo विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ते हुए उनमें सेवा-भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने स्वयंसेवियों को नियमित रूप से एनoएसoएसo की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने आसपास के समुदाय की समस्याओं को समझकर उनके समाधान में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक स्वयंसेवी का दायित्व केवल कार्यक्रमों में भाग लेना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, सहयोग और सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनना भी है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत ‘विकसित भारत@2047’ की व्यापक अवधारणा को युवा शक्ति एवं सेवा-भावना से जोड़ते हुए दिनांक 17 एवं 18 सितम्बर 2026 को ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, सेवा-भावना, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, राष्ट्र निर्माण तथा सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
अभियान के अंतर्गत निबंध लेखन, चित्रकला एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं हरित भारत, उत्तराखंड की संस्कृति एवं विरासत, नशामुक्ति, जल संरक्षण तथा युवा शक्ति जैसे विषयों पर अपने विचारों एवं रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त किया।
इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उनकी प्रस्तुतियों में सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका की स्पष्ट झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम में डॉ. शेफाली शुक्ला, डॉ. नीना शर्मा, डॉ. प्रवीण सहित प्राध्यापकगण तथा श्री केदारनाथ भट्ट, श्री सोहन सिंह, श्री सत्येंद्र डोभाल सहित कर्मचारीगण ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग प्रदान किया।
डॉ. बीना रानी, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना ने कहा कि एनएसएस युवाओं को सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। ‘विकसित भारत@2047’ का संकल्प तभी सार्थक होगा, जब युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सेवा-भावना को समाज एवं राष्ट्र के विकास में समर्पित करेंगे।
इस प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना के अभिविन्यास कार्यक्रम एवं ‘विकसित भारत@2047’ के अंतर्गत ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा-भावना, सामाजिक चेतना, नेतृत्व, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करने का सार्थक प्रयास किया गया। छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण की सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


More Stories
निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर क्षेत्र के विद्यालय में छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
19 सितम्बर को प्रेस क्लब हरिद्वार में होगा “साहित्य सुरा-4” नामक साहित्य समागम का होगा आयोजन