हरिद्वार: कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से हरिद्वार पुलिस परिवार में शोक की लहर है।
मंगलवार को एसएसपी हरिद्वार समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को ससम्मान शोक सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सैदाबाद के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।
हादसे में घायल होने के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल चिकित्सालय, रुड़की ले जाया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मंगलवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत कांस्टेबल चालक के परिजनों की मौजूदगी में उन्हें शोक सलामी दी और पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं।
हरिद्वार पुलिस ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।



More Stories
हरिद्वार जनपद में 21 अक्टूबर से 07 नवम्बर तक चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी ने नामित किए नोडल अधिकारी
विजयदशमी के अवसर पर नगर निगम द्वारा हरकी पैड़ी एवं आसपास के घाटों पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
लोक मंथन यात्रा कोटा पहुँची: संस्कार भारती ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग, राष्ट्रीय प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान