हरिद्वार: शादी की हर्षोल्लास के बीच अचानक हुई एक लापरवाही ने जश्न को चीख-पुकार में बदल दिया।
आज शनिवार एक शादी के दौरान की गई हर्ष फायरिंग ने एक मासूम की मुस्कान छीन ली। छर्रे लगने से छह साल की बच्ची भूमिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना उस वक्त की है जब दूल्हे की घुड़चढ़ी की रस्म निभाई जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे के पिता जनेश्वर चौहान ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी।
एकाएक चली गोली के छर्रे पास ही खड़ी बच्ची भूमिका पुत्री चंद्रपाल, निवासी महाराजपुर, लक्सर को जा लगे। खुशी का माहौल देखते ही देखते मातम में तब्दील हो गया।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के अनुसार, फायरिंग करने वाला आरोपी फरार है और कई रिश्तेदार भी घटनास्थल से भाग निकले हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और हथियार के लाइसेंस की वैधता के साथ-साथ इसके दुरुपयोग की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


More Stories
निर्जला एकादशी 25 जून को हरिद्वार आने से पहले, जानिए पुलिस का पूरा ट्रैफिक और पार्किंग प्लान
हरिद्वार कुंभ 2027 को लेकर संत समाज में उत्साह, सरकार की तैयारियों को मिल रही सराहना
हरिद्वार: ई-रिक्शा डीलरशिपों के निरीक्षण हेतु चलाया अभियान